भरतपुर. दो साल पूर्व नेशनल खेलकर तीसरे स्थान पर रहे राजस्थान के चैंपियन बॉक्सर लक्ष्मी नारायण उर्फ योगेंद्र की पिछले दिनों आगरा जिले में स्थित उसके पैतृक गांव औरंगपुर में मेड़ के मामूली विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके पिता कृषि सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए जबकि छोटा भाई सुखदेव सिंह बाल-बाल बच गया।
भरतपुर के तिलक नगर निवासी लक्ष्मीनारायण अपने पिता व छोटे भाई सुखदेव के साथ भरतपुर से अपने गांव समझौते के लिए गया था। लक्ष्मीनारायण के पिता कृषि सिंह के भाई का गांव में मेड़ को लेकर अपने पड़ोसियों से विवाद हो गया। भरतपुर में रहने वाले कृषि सिंह को जब गांव में भाइयों के विवाद की जानकारी मिली तो वे सुबह ही अपने दोनों बेटों लक्ष्मीनारायण व सुखदेव के साथ गांव गए थे। उन्होंने अपने पड़ोसी भगवान सिंह पक्ष के साथ विवाद को मिल बैठकर सुलझाने की बात कही। इस पर उन्होंने दूसरे पक्ष को बातचीत के लिए घर बुलाया।
बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों में गर्मा-गर्मी हो गई। इसी दौरान पड़ोसी भगवान सिंह के इशारे पर तीनों लड़के तमंचा और राइफल लेकर आ गए। उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जैसे ही कृषि सिंह की बांह में गोली लगी तो लक्ष्मीनारायण पिता के सामने खड़ा हो गया। गले और सीने में दो व बगल में एक गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई। इसके साथ ही हमलावरों ने पीतम सिंह के साथ भी जमकर मारपीट की। चीखपुकार और फायरिंग की आवाज होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई।
मृतक नामी खिलाड़ी था
लक्ष्मी नारायण के रूप में भरतपुर ने होनहार खिलाड़ी को खो दिया है। वह राजस्थान का बॉक्सिंग चैंपियन था और 2005 में जूनियर के 65 किलो वर्ग में प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर चुना गया था। बचपन से प्रतिभावान इस खिलाड़ी ने राज्य स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता का लोहा मनवाया था। नई दिल्ली में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में भी तीसरे स्थान पर रहा था। उसकी उपलब्धियां यहीं खत्म नहीं होती है। वर्ष 2006 में अलवर में हुई स्टेट ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में वह दूसरे स्थान पर रहा था।
लक्ष्मीनारायण भरतपुर के महारानी श्री जया कॉलेज से बीबीए कर रहा था और भरतपुर में होने वाली चैंपियनशिप की तैयारी कर रहा था। उसका छोटा भाई सुखदेव हाईस्कूल का छात्र है और वह भी बॉक्सर है, जो सब जूनियर वर्ग में खेलता है। उनसे छोटी एक बहन व एक छोटा भाई और है, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं।