जयपुर. पुलिस ने शुक्रवार रात इंद्रा बजार की दो दुकानों पर अचानक छापे मारकर युवतियों के आपत्तिजनक एमएमएस डाउनलोड करने वाले एक गिरोह के तीन लोगों
को गिरफ्तार कर लिया। इनमें राजेश इलेक्ट्रॉनिक्स का मालिक मनीष गुप्ता, पवन सोलंकी और सागर कम्युनिकेशन का मालिक कमल मोतियानी शामिल हैं।
एसपी (उत्तर) विशाल बंसल ने बताया कि जिला विशेष शाखा को कोतवाली क्षेत्र में युवतियों के आपत्तिजनक एमएमएस डाउनलोड करने की जानकारी मिलने पर करीब तीन माह पहले छापा मारा गया था। इसके बाद जब फिर ऐसी सूचना मिली, तो जांच के लिए कोतवाली वृत्त उपाधीक्षक ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में टीम बनाई गई। शुक्रवार रात को पहले फर्जी ग्राहक दोनों दुकानों पर भेजा गया। जब एमएमएस लोड हो गया, तो पुलिस ने एक साथ छापे मारे। दोनों दुकानों से भारतीय युवतियों व हीरोइनों के एमएमएस युक्त दो कंप्यूटर, दो मैमोरी कार्ड, दो कार्ड रीडर बरामद कर लिए।
जैसा ग्राहक, वैसी कीमत
एसपी ने बताया कि पुराने ग्राहकों से दो सौ से तीन सौ रुपए प्रति एमएमएस डाउनलोड के लिए जाते थे। नया ग्राहक या बाहर का हो, तो उससे दो हजार रुपए तक लिए जाते थे।
कई माह से चल रहा था व्यापार
यह धंधा कई महीनों से चल रहा था। आरोपियों में से एक इंद्रा बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष का बेटा होने से कोई भी उस पर हाथ डालने से डरता था। पिछली बार के छापे की सूचना आरोपियों को पहले से पता चल जाने से उस समय सारे सबूत हटा दिए थे। छापे के बाद फिर यह काम चालू कर दिया गया।