बीकानेर. प्रारंभिक शिक्षा विभाग में पिछले दिनों हुए तबादलों की परिवेदनाएं निस्तारण के लिए शिविर शनिवार से जयपुर में शुरू होगा। उच्च पदस्थ अधिकारियों के निर्देश पर राज्य की प्रारंभिक शिक्षा के उपनिदेशक और जिला शिक्षा अधिकारी शुक्रवार रात जयपुर के लिए रवाना हो गए। अधिकारी परिवेदनाओं के आवेदन भी अपने साथ लेकर गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि परिवेदना निस्तारण के साथ-साथ शिक्षकों के तबादले भी किए जाएंगे। जिन शिक्षकों की परिवेदना निस्तारित होंगी, उसके स्थान कार्यरत शिक्षक को वापस उसी मूल स्थान या दूसरे स्थान पर भेजा जाएगा। बीकानेर में किए गए तबादलों की डेढ़ सौ से अधिक परिवेदनाएं जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई हैं।
पंचायतराज व प्रारंभिक शिक्षा के उपशासन सचिव सत्यनारायण लाठी ने हजारों शिक्षकों के तबादले किए थे। इनमें गंभीर बीमारी, विकलांग और महिलाओं के भी तबादले हो गए। विधानसभा में तबादलों को लेकर काफी हंगामा हुआ तथा भ्रष्टाचार तक के आरोप लगाए गए। उसके बाद लाठी को एपीओ कर दिया गया। लाठी के स्थान पर अब जी.एल.गुप्ता को उप शासन सचिव पंचायतीराज एवं प्रारंभिक शिक्षा कम उपायुक्त पंचायतीराज के पद पर लगाया गया है।