HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

पंप पर पेट्रोल के साथ रेलवे रिजर्वेशन भी कराइए

भोपाल. राजधानीवासियों को अब रेलवे रिजर्वेशन के लिए लंबी कतार से निजात मिलेगी। अब वे चौबीस घंटे में कभी भी रिजर्वेशन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशन जाने की बजाय हिंदुस्तान पेट्रोलियम कापरेरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पेट्रोल पंप तक जाना होगा। राज्य में पहली बार इस तरह की सुविधा मिसरोद स्थित हाईवे डीलर पेट्रोल पंप पर शुरू की गई है।

आगामी महीने में राजधानी के लालघाटी, बिट्टन मार्केट तथा रायल मार्केट क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर रिजर्वेशन काउंटर खोले जाएंगे। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कापरेरेशन (आईआरसीटीसी) व एचपीसीएल ने यात्रियों के लिए 24 घंटे रेलवे रिजर्वेशन देने की योजना शुरूकी है।

पेट्रोल पंप हाईवे डीलर के संचालक अजय सिंह बताते हैं कि लोगों को चौबीस घंटे रिजर्वेशन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यानी रेलवे स्टेशन की सुबह आठ से रात आठ बजे तक रिजर्वेशन की बाध्यता से लोगों को मुक्ति मिलेगी।

कैसे मिलेगा रिजर्वेशन
पेट्रोल पंप के रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट बनवाने वालों को ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पत्र में से कोई भी एक परिचय पत्र दिखाना होगा। जिसका नंबर उनकी टिकट पर डाल दिया जाएगा। यात्रा के दौरान टीसी को संबंधित परिचय पत्र की छाया प्रति दिखानी होगी।

कितना अतिरिक्त शुल्क
यात्री स्लीपर के लिए 10 रुपए और एसी के लिए 20 रुपए अतिरिक्त शुल्क देकर रिजर्वेशन टिकट बनवा सकते हैं।

फोन पर भी सुविधा
यात्री टिकट बनवाने के लिए हाईवे डीलर पंप के फोन नंबर 2499224 या 2499221 पर काल कर सकते हैं। जहां वे अपना क्रेडिट नंबर, ई-बैंकिंग एकाउंट के साथ पासवर्ड देकर रिजर्वेशन करा सकते हैं।

>> रेलवे की ई-टिकटिंग व आई-टिकटिंग योजना के तहत पंपों पर रिजर्वेशन काउंटर खोले जा रहे हैं। इसका मकसद रेलवे स्टेशन से दूरस्थ इलाकों में रहने वालों को रिजर्वेशन की सुविधा मुहैया कराना है।
वीरेंद्र सिंह, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी

>> आईआरसीटीसी और एचपीसीएल की योजना के तहत प्रदेश का पहला रिजर्वेशन काउंटर मिसरोद में खोला जा चुका है। शीघ्र ही शहर के तीन अन्य पंपों में रिजर्वेशन काउंटर खोले जा रहे हैं।
- एसके भटनागर, वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक, एचपीसीएल





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: