भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल से लोकसभा सदस्य कैलाश जोशी अपने आवास में शुक्रवार को गिर पड़े। इससे उनके दाएं हाथ की हड्डी कोहनी के ऊपर से टूट गई। उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया है। हड्डी जोड़ने के लिए शनिवार को आपरेशन किया जाएगा।
श्री जोशी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाथरूम में थे। वे फिसलकर गिर गए। उन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां वरिष्ठ चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संगठन महामंत्री माखन सिंह, उपाध्यक्षद्वय अनिल माधव दवे, विजेंद्र सिंह सिसोदिया और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. गौरीशंकर शेजवार ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से इलाज के संबंध में विचार-विमर्श किया।
राड लगाई जाएगी:
श्री जोशी के परिजनों का कहना है कि उनके हाथ की हड्डी जोड़ने के लिए आपरेशन कर राड लगाई जाएगी। इसके बाद उन्हें एक-दो दिन में घर भेज दिया जाएगा। इस दुर्घटना के समय उनके विधायक पुत्र दीपक जोशी क्षेत्र में विकास यात्रा में लगे थे। श्री जोशी के दामाद आरके दुबे ने बताया कि दीपक की जोशीजी और परिजनों से चर्चा हो गई है। वे आपरेशन के दौरान अस्पताल में रहेंगे।
दूसरी बार गिरे जोशी:
पिछले नौ दिनों में यह दूसरा मौका है, जब श्री जोशी को गिरने के कारण चोट लगी है। पूर्व में वे भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान हवाई अड्डे पर पैर फिसलने की वजह से गिर पड़े थे। तब उन्हें सिर में चोट लगी थी।
इसके बाबजूद उन्होंने कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया था। श्री जोशी चोट लगने के बाद इलाज कराने के लिए किसी निजी अस्पताल में जाने की बजाय मेडिकल कालेज से जुड़े हमीदिया अस्पताल में गए।