HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

एक घंटे में शहर हो गया पानी-पानी

भोपाल.pani राजधानी शुक्रवार की दोपहर जमकर भीगी। बारिश इतनी तेज थी की कुछ ही देर में सड़कें लबालब हो गई। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां शुक्रवार को 10.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।

शहर में एक जून से अब तक 917.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो 165.3 मिलीमीटर कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले चौबीस घंटे में भोपाल समेत इंदौर और होशंगाबाद संभागों में विभिन्न स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

धूप चमकते ही चढ़ेगा पारा :
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश के कारण तापमान में फिलहाल कमी आ गई है, पर यह कमी स्थाई नहीं है। आसमान पर बादल छाए रहने और बारिश होते रहने तक तापमान में कमी बनी रहेगी, लेकिन मौसम साफ होते ही तापमान में बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस था।

इसलिए हो रही बारिश:
मौसम केंद्र निदेशक डा. डीपी दुबे का कहना है कि गुजरात में ऊपरी हवा में चक्रवात बना होने के कारण प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। इस चक्रवात के कारण एक-दो दिन प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कहीं हल्की, कहीं तेज बारिश हो सकती है।

युवाओं ने की मस्ती:
शुक्रवार को हुई बारिश से फिजा में ठंडक घुल गई। बारिश थमने के बाद दोपहर से शाम तक बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी चलती रही। शाम के वक्त मौसम खुशनुमा हो गया। बोट क्लब, शाहपुरा झील के किनारे युवाओं की टोलियां मौसम का लुत्फ उठातीं नजर र्आई।

कई जगह भरा पानी
राजधानी में शुक्रवार दोपहर को हुई तेज बारिश के कारण पुराने शहर के कुछ इलाकों में पानी भर गया। इससे कुछ देर के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश शुरू हुई। rain

लगभग एक घंटे तक शहर में तेज पानी बरस रहा था, लेकिन नए शहर में इसकी रफ्तार काफी धीमी थी। इस दौरान भोपाल टाकीज चौराहे व डीआईजी बंगला क्षेत्र की सड़कों पर करीब आधा फुट पानी था।

इंद्रा नगर, पुतलीघर, वसुंधरा कालोनी, कांग्रेस नगर, शहीद नगर, शारदा नगर, छोला, टीला जमालपुरा, कैंची छोला आदि क्षेत्रों में भी सड़कों पर पानी भर गया। इस दौरान दो पहिया वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ लोगों की गाड़ी पानी के कारण बंद हो गई थीं। बारिश रुकने पर सड़कों पर भरा पानी जल्द ही बह गया।

मौसमी बीमारियों से लोग हुए हलाकान
मौसम में बदलाव के साथ ही इन दिनों शहर के विभिन्न अस्पतालों की ओपीडी में मौसमी बीमारियों के मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पतालों में मुख्य रूप से वायरल, सर्दी-खांसी, जुकाम, गले और श्वसन तंत्र में इन्फेक्शन के पीड़ित मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। इन मरीजों में बच्चे और बुजुर्र्गो की संख्या ज्यादा है।

हमीदिया अस्पताल में मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डा. वीके शर्मा के अनुसार इन दिनों गर्मी व उमस रहने और रात को मौसम ठंडा होने से वायरस और बैक्टीरिया को पनपने के लिए अनुकूल वातावरण मिलता है, इस कारण इन्फेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।

डा. शर्मा ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में करीब बीस प्रतिशत को एलर्जी, यूरिनरी इन्फेक्शन, सर्दी, जुकाम, वायरल फीवर, गले, श्वसन तंत्र में इन्फेक्शन की शिकायत रहती है। जेपी अस्पताल के अधीक्षक डा. एके चौधरी ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में करीब पंद्रह प्रतिशत मरीज वायरल, सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार, एलर्जी से पीड़ित आ रहे हैं।

नहीं बढ़ा झील का जलस्तर
बारिश के कारण बड़ी झील के जलस्तर में बढ़ोतरी नहीं हुई। शुक्रवार की शाम झील का जलस्तर 1664.15 फीट दर्ज किया गया। झील का अधिकतम जलस्तर 1666.80 फीट है। इस साल अब तक झील का जलस्तर 1664.25 फीट से ऊपर नहीं पहुंचा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: