HomeNewsMetrosIndore Indore

सभी बोले शहर का आंदोलन

इंदौर. स्वदेशी मिल की 15.62 एकड़ जमीन की बिक्री रुकवाने का आंदोलन शुक्रवार को जनता चौक में पहुंच गया। सांसद सुमित्रा महाजन के नेतृत्व में राजबाड़ा चौक पर अभ्यास मंडल के बैनर तले दिए धरने में विधायकों, राजनैतिक दलों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए और सभी ने एक स्वर में कहा यह आंदोलन राजनीतिक नहीं, शहर का है।

सुबह साढ़े दस से साढ़े बारह बजे तक चले धरने के दौरान वक्ताओं ने 80 के दशक में हुए नर्मदा आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा अब इतिहास दोहराने की बारी है। हम देरी से जागे लेकिन अभी कुछ बिगड़ा नहीं है। सब मिलकर कोशिश करें तो मिल की जमीन बचाई जा सकती है।

इसके लिए सभी का एक मंच पर आना ही आंदोलन की बड़ी सफलता है। हम एनटीसी मुख्यालय को हिलाकर रख देंगे। जमीन पर पहला अधिकार शहर का है न कि शॉपिंग मॉल वालों का। एक जमाना था जब देवी अहिल्या ने दक्षिण से जुलाहों को बुलाया था और अब बंद मिलों के मजदूरों के परिजन रोजी-रोटी के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं।

धरना स्थल पर समाजसेवी बाबूलाल पाटोदी, विधायक अश्विन जोशी, उषा ठाकुर, पूर्व सांसद कल्याण जैन, कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन, भाजपा अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, समाजवादी नेता रामबाबू अग्रवाल व रमेश आर्य, अंजू माखीजा, तारिक खान, अभ्यास मंडल के मुकुंद कुलकर्णी, शिवाजी मोहिते, वसंत शिंत्रे, एसोसिएशन ऑफ इंड्रस्ट्रीज के मनोहर झुरानी व विनय कालानी, विट्ठलराव गावड़े, अशोक डागा, भगवती शर्मा, पार्षद शेखर किबे व राजेंद्र जायसवाल, निरंजनसिंह चौहान, ऋतु ग्रोवर, डॉ सुखविंदरसिंह नैयर, अभय दुबे, दिनेश खंडेलवाल, सुधीर देड़गे, रमेश गागरे, महेंद्रसिंह सिकरवार, कमाल भाई, शशि खंडेलवाल के साथ कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

संचालन अशोक कोठारी ने किया और आभार माना श्रवण पाटोदी ने। शालिनीताई मोघे, कुट्टी मेनन, पूर्व कुलपति प्रो ए.ए.अब्बासी तथा पत्रकार जवाहरलाल राठौर ने भी श्रीमती महाजन के प्रस्ताव का समर्थन किया।

बिक्री रोकने के लिए टेलीग्राम किए गए
स्वदेशी मिल की जमीन की बिक्री रोकने के लिए शुक्रवार को अभ्यास मंडल की पहल पर प्रधानमंत्री तथा कपड़ा मंत्री को बड़ी संख्या में टेलीग्राम किए।

प्रधानमंत्री से समय लेंगे
शहरवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह और कपड़ा मंत्री शंकरसिंह वाघेला से मिलेगा। उसमें सांसद, सभी विधायक, कांग्रेस, भाजपा, समाजवादी तथा दोनों कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि, अभ्यास मंडल, जनमंच, प्रेस क्लब तथा सीईपीआरडी के नुमाइंदे शामिल रहेंगे। कोशिश की जाएगी मुख्यमंत्री और शहर के दोनों मंत्री भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हों। प्रधानमंत्री से समय लेने की जिम्मेदारी शहर कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी गई।

आंदोलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यादव का भी समर्थन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव ने भी स्वदेशी मिल की जमीन की बिक्री रोकने के लिए अभ्यास मंडल के आंदोलन को समर्थन दिया और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली जाने की घोषणा की।

शुक्रवार दोपहर इंदौर पहुंचे श्री यादव ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री से चर्चा कर शहर की प्रगति, रोजगार उपलब्ध कराने और कपड़ा मजदूरों के व्यापक हितों के दृष्टिगत निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कुछ दिन पहले सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भी श्री वाघेला से चर्चा की थी।

मास्टर प्लान में रेलवे के लिए उपयोग सुनिश्चित करें -नेमा
पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा ने कहा जल्दी अंतिम रूप लेने वाले मास्टर प्लान में भी स्वदेशी व कल्याण मिल की जमीन रेलवे के लिए आरक्षित की जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को पत्र भी लिखा।

शहर कांग्रेस ने कहा टेंडर प्रक्रिया रोकें
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने स्वदेशी मिल की जमीन बेचने की टेंडर प्रक्रिया रोकने की मांग की है। इसके लिए प्रधानमंत्री सचिवालय, कपड़ा मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को फैक्स भी भेजा। केंद्रीय कपड़ा सचिव ए.के. सिंह से भी चर्चा की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: