अजमेर.
सीमा चौधरी ने लेफ्टिनेंट बनकर शहर के नाम को रोशन किया है। आर्मी 22 इनफेंट्री मेरठ केंट में 22 सितंबर को ड्यूटी जॉइन कर चुकी सीमा चौधरी ने सोफिया कॉलेज से बीएससी की है। वे जोधपुर जिले के बोरुंदा में बीएड कर रही थीं। इस बीच सलेक्शन होने पर उन्होंने बीएड छोड़ दी।
सीमा ने बताया कि उसके एडवोकेट पिता शुभकरण चौधरी ने उन्हें हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दो बहनों के पहले ही टीचर होने के कारण वे कुछ अलग करना चाहती थीं। सोफिया कॉलेज की ही लेफ्टिनेंट बन चुकी स्वाति शर्मा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में काफी मदद की।
छोटी उम्र में बड़ी छलांग
पूत के पांव पालने में नजर आने वाली कहावत को जीसीए की एमएससी जूलॉजी की छात्रा रश्मि स्वरूप ने सही साबित किया है। पोस्ट ग्रेज्युएशन कर रही रश्मि ने जूही एण्ड मिरेकल लैंड किताब लिखकर अपना हुनर दिखाया है।
शुक्रवार को खबरनवीसों के साथ चर्चा में रश्मि ने अपनी किताब के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जूही एण्ड मिरेकल लैंड ‘हैरी पॉटर’ की तरह उपन्यास है, जिसमें केंद्रीय पात्र जूही है। इसमें जूही के वैज्ञानिक कल्पनाओं के सहारे बच्चों की मदद करने और साधारण व्यक्तित्व के बारे में खास जिक्र किया गया है।
रश्मि ने 9 साल में ओपन बोर्ड से दसवीं की परीक्षा पास की, इसके बाद साढ़े 11 साल में सीनियर सेकंडरी और 14 वर्ष में विज्ञान में ग्रेज्युएशन किया। इसका श्रेय वह मम्मी प्रभा और पापा रामस्वरूप को देती हैं। उन्हीं के मागदर्शन में रश्मि ने यह किताब लिखी है।