HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

पुलिस पर हमला 12 जख्मी

ब्यावर. ब्यावर खास से चढ़ावटा की ढाणी तक बन रही साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क से अतिक्रमियों को खदेड़ने गए पुलिस दल पर शुक्रवार को हरराजपुरा गांव ajmerके लोगों ने पथराव कर दिया। इससे डीएसपी हिम्मत सिंह शेखावत लहूलुहान हो गए, वहीं सीआइ भगवत सिंह सहित आठ पुलिसकर्मी को भी चोटें आई हैं। तनाव पूर्ण हालात में सदर, सिटी, जवाजा, मसूदा के अलावा अजमेर से भी जाप्ता मंगाया गया, जिसने हालात पर नियंत्रण कर अतिक्रमण हटाया।

ग्रामीण आसपास की पहाड़ियों और छत पर चढ़कर अतिक्रमण हटने की कार्रवाई देखते रहे। ब्यावर खास से लेकर चढ़ावटा की ढाणी तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर सड़क निर्माण हो रहा है। मार्ग से कब्जे हटाने के लिए डिप्टी हिम्मतसिंह शेखावत, सदर थाना और सीटी थाना सीआइ, तहसीलदार गणपतसिंह चितारा मय जाप्ता शुक्रवार को सुबह साढ़े दस बजे यहां पहुंचे।

अतिक्रमण हटाने आया यह दस्ता दोपहर डेढ़ बजे हरराजपुरा गांव के पास पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। इस पर डिप्टी शेखावत ने ग्रामीणों से वार्ता शुरू की, लेकिन अचानक पथराव शुरू हो गया। एक पत्थर डिप्टी के गाल पर लगा और उन्हें गहरी चोट आई।

पुलिस संभलती इससे पहले ही ग्रामीणों ने ताबड़-तोड़ पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव से पुलिस में भगदड़ मच गई और कांस्टेबल भी भागने लगे। फिर मामले की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज किया ग्रामीणों को खदेड़ा। पथराव में डिप्टी शेखावत, सीआइ भगवतसिंह, सदर थाना एएसआइ मदनसिंह, भंवरलाल, सिपाही सुरेन्द्र सिंह, बुधाराम, धन्नासिंह, महिला कांस्टेबल रामप्यारी और जेसीबी चालक सेंदड़ा निवासी नैनू सिंह जख्मी हो गए।

पुलिस कार्रवाई में हरराजपुरा निवासी रेशम पुत्र गुलाब, बीबी पत्नी जमाल, बीबी पत्नी गुलाब और श्री सीमेंट के सुरक्षाकर्मी भीमसिंह को चोटें आई। इन्हें राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह और जेसीबी चालक नैनू सिंह को राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

* हरराजपुरा में सिवायचक भूमि के आम रास्ते पर लोगों ने अतिक्रमण किया था। इसे हटाने के लिए पुलिस जाप्ता मंगाया गया। गांव के आधा दर्जन लोग अतिक्रमण हटाए जाने के बदले श्री सीमेंट से मुआवजा मांग रहे थे। उन्हें बताया गया कि सरकारी रिकार्ड के अनुसार यह आम रास्ता है तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। अजमेर जिले की पाली जिले को लगने वाले सीमा तक के रास्ते से अतिक्रमण हटा लिया गया है।
-गणपत सिंह चितार, तहसीलदार

अतिरिक्त फोर्स मंगाने से भी नहीं बनी बात
पुलिस पर पथराव के मामले में सदर थाने में 54 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। सीआइ नरेन्द्र प्रतापसिंह ने बताया कि तहसील ने रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस जाप्ता मांगा था। समझाने पर भी जब ग्रामीण नहीं माने तो सिटी थाने से और जाप्ता मंगाया गया। डिप्टी हिम्मतसिंह शेखावत भी मौके पर पहुंचे, इसके बाद ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर डिप्टी सहित सीआइ भगवतसिंह और एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया।

उन्होंने पुलिस पर प्राणघातक हमला करने, रास्ता रोकने, राजकार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस वाहन के कांच तोड़ने के मामले में गुलाब, रेशमुद्दनी, बीवी पत्नी गुलाब, देवी पत्नी जमाल, नूरा, सुल्तान, बेली, रतना, बीरमा, केली, सुभान, रमजान, मेणी व जफरू सहित करीब 40 ग्रामीणों के खिलाफ धारा 307, 308, 338, 353, 283 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इन नामजद आरोपियों में गुलाब, रेशमुद्दीन, बीवी पत्नी गुलाब और देबी पत्नी जमाल को गिरफ्तार कर लिया। बाकी नामजद आरोपियों को गिरफ्तारी में पुलिस देर रात तक जुटी रही।

पुलिस कप्तान ब्यावर पहुंचे
एसपी एस. सेंगाथिर ने शुक्रवार रात ब्यावर पहुंचकर अमृतकौर अस्पताल में कांस्टेबलों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने डीएसपी से हरराजपुरा में हुए घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: