HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

वीसी लाएंगे पार्टी में एकता: महंत

बिलासपुर. विद्याचरण शुक्ला और अरविंद नेताम वरिष्ठ नेता हैं। कांग्रेस में उनकी उपस्थिति जरूरी मानते हुए उन्हें वापस लिया गया है। अब पार्टी में मिलजुलकर काम शुरू किया जाएगा। श्री शुक्ल जल्द ही प्रदेश में जिला और संभाग स्तर पर दौरा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत ने छत्तीसगढ़ भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन मोतीलाल वोरा, अजीत जोगी सहित सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद किया जाएगा। इसके पहले छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी नारायण सामी यहां का दौरा कर सभी पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से मिलकर चर्चा करेंगे। इसके बाद कार्यकारिणी पर अंतिम निर्णय कर लिया जाएगा।

उनके साथ ही श्री वोरा और श्री जोगी को भी लाने की कोशिश की जा रही है। एक-दो दिन में कार्यक्रम तय कर लिया जाएगा। अगले विधानसभा चुनाव में नेतृत्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव सामूहिक नेतृत्व में होंगे। पार्टी के सारे नेता प्रदेश में वापसी के लिए प्रयास करेंगे।

कांग्रेस पिछला चुनाव पार्टी में एकता की कमी की वजह से हारी थी। इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीसी पिछली बार अलग पार्टी से लड़े थे, तो कांग्रेस के सात प्रतिशत वोट कम हुए थे। उनके व श्री नेताम के आने के बाद ये वोट कांग्रेस के खाते में जाएंगे।

कांग्रेस के अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पद पर अभी से किसी की नजर नहीं होनी चाहिए। पहले कांग्रेस को बहुमत में लाया जाएगा इसके बाद सर्वसम्मति से सीएम तय कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के लोगों को सिर्फ धोखा दिया है। सड़क निर्माण, विकास कार्यो, विभागों में भर्तियों में सब जगह गड़बड़ी हुई है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कामकाज में अफसर गड़बड़ी करते थे। कांग्रेसी नेताओं ने जनता के पैसों का दुरुपयोग नहीं किया। भाजपा नेता और मंत्री किसानों, गरीबों और आम जनता का पैसा खा रहे हैं। भ्रष्टाचार की सारी हदें पारकर ये लोग गलत व्यवहार कर रहे हैं। कांग्रेस द्वारा जिला और ब्लाक स्तर पर इसका विरोध किया गया है। इसे और तेज किया जाएगा।

प्रदेश में केंद्रीय योजनाओं को संसदीय समिति की क्लीन चिट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समिति ने योजना के तहत काम ठीक चलने की बात कही है। राज्य में केंद्रीय योजनाएं सफलता से लागू नहीं हो पा रही हैं। उनका दुरुपयोग ज्यादा हो रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: