News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. पुलिस महानिरीक्षक राजीवचंद्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में दरबार लगाकर मातहत अधिकारियों की समस्याएं सुनीं। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली और आरआई दफ्तर का निरीक्षण किया।
इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी थीं, पिछले महीनेभर से जिले के पुलिस कर्मी व अधिकारी जिसका ट्रायल कर रहे थे, उसका आज फाइनल था। आज आईजी राजीवचंद्र श्रीवास्तव पुलिस लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक से लेकर प्रधान आरक्षक व आरक्षक सभी अपटूडेट होकर पहुंचे थे। परेड के लिए तीन टुकड़ियां बनाई गई थीं।
जब मार्च पास्ट शुरू हुआ तो कमांडेंट व बल के बीच तालमेल की कमी देखने को मिली। बाएं मुड़ और दाएं मुड़ में ही सबके पसीना छूट गया। खासकर आरामपरस्त थाना प्रभारियों की कलई खुल गई और आईजी को कहना पड़ा कि अधिकारियों का यह हाल है तो आरक्षकों से कोई अपेक्षा नहीं रख सकते। इसके बाद बलवा ड्रील किया गया। आईजी ने इसमें संतुष्टि जताई।
फिर सिलसिलेवार ढंग से एमटी वर्कशाप, कीट निरीक्षण, वाहनों की जांच की गई। कई बार तैयारियों में खामी नजर आई तो आईजी ने रक्षित निरीक्षक प्रमोद गुप्ता को तैयारियां नहीं होने पर फटकार लगाई। इसके बाद आईजी की दरबार लगी। जिले के सभी अधिकारियों के अलावा थाना प्रभारी से आरक्षक तक सभी आईजी के सामने बैठे थे।
आईजी ने दरबार में कहा कि यह खुला मंच है और यहां मातहत अधिकारी भी बेबाकी से अपनी समस्याएं व परेशानियां बता सकते हैं। यहां पर अधिकारियों के माथे पर शिकन पड़ गए तो मातहत पुलिस कर्मियों के चेहरे पर असमंजस के भाव थे। आईजी श्री श्रीवास्तव ने मातहतों को बोलने का मौका देते हुए कहा कि वे बिना झिझके भी अपनी बात रख सकते हैं। इसके बाद हिम्मत दिखाकर पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं बताई।
इसमें सबसे प्रमुख समस्या पुलिस क्वार्टर की थी। कई रिटायर्ड पुलिसकर्मियों के पास क्वार्टर हैं तो सेवारत कर्मी किराए के मकान में रहते हैं। इसके अलावा पेंशन, ग्रेच्यूटी, लोन आदि कई तरह की समस्याएं सामने आई। आईजी ने समस्याएं सुनीं और उसका उचित निराकरण किया। कई समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। दरबार के बाद आईजी ने आरआई दफ्तर का निरीक्षण किया।
क्यों पूरे नहीं हुए काम
दरबार के दौरान एक मौका ऐसा भी आया जब आईजी ने तिफरा पुलिस कालोनी में रहने वाले कर्मचारियों से समस्याएं पूछी। कोई भी उठकर समस्या बताने को तैयार नहीं हुआ तो उन्होंने कालोनी में रहने वाले पुलिसकर्मियों को खड़ा होने को कहा। इसके बाद उन्होंने बिजली, पानी, सड़क, नाली आदि की समस्याआंे की जानकारी ली।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बताया कि समस्याएं जस की तस हैं। इस पर आईजी ने आरआई प्रमोद गुप्ता पर नाराजगी जताई और पूछा कि काम पूरे क्यों नहीं हुए? उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पूर्व वे तिफरा पुलिस कालोनी का निरीक्षण करने गए थे। वहां उन्हें काफी समस्याएं दिखी थीं। इसके निराकरण के लिए उन्होंने आरआई को निर्देश दिए थे। बाद में आरआई ने शीघ्र ही काम शुरू करने की बात कही।