जोधपुर. जिला प्रशासन और टूरिज्म डिपार्टमेंट की ओर से आयोजित होने वाले मारवाड़ समारोह में इस बार लोक संस्कृति छटा तो बिखरेगी ही, साथ ही हसी ठहाकों
के साथ स्पोर्ट्स का आकर्षण भी होगा। जी हां, देसी-विदेशी पर्यटकों के स्वागत में आयोजित होने वाले इस प्रोग्राम में लाफ्टर चैलेंज शो के फाइनालिस्ट दर्शकों को हास्य रंग से खूब गुदाएंगे। जिला कलेक्टर नरेशपाल गंगवार ने समारोह के विविध कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को आयोजित बैठक में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को गौशाला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक टीवी चैनल के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज चैंपियनशिप’ के कलाकार प्रतापसिंह फौजदार हास्य रंग की फुलझड़ियों से लोटपोट करेंगे। इसी कड़ी में 26 अक्टूबर की शाम ओसियां में होने वाले प्रोग्राम के दौरान गीत-संगीत की फुहारों के बीच प्रताप सिंह हंसने-हंसाने की बारिश में दर्शकों को भिगोएंगे।
कलेक्टर नरेशपाल गंगवार ने बताया कि मारवाड समारोह का उद्घाटन 24 अक्टूबर को मेहरानगढ़ फोर्ट में सुबह दस बजे होगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 23 को गुलाब सागर पर होने वाले दीपदान कार्यक्रम में गायत्री शक्ति पीठ की ओर से एक हजार दीपदान किए जाएगें। 24 से 26 अक्टूबर तक हर शाम आतिशबाजी से आसमान में मारवाड़ समारोह के रंग झिलमिलाएंगे।
चक दे इंडिया टीम 24 को सनसिटी में
हाल ही में देश-विदेश में लोगों को आकर्षित करने वाली किंग खान की फिल्म ‘चक दे इंडिया’ के कलाकारों की टीम 24 अक्टूबर को यहां शाम चार बजे स्थानीय खिलाड़ियों के साथ गौशाल मैदान पर मैच खेलेगी।