कोटा. गुर्जर समाज की सामूहिक गिरफ्तारी के लिए प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम तैयार किया है। प्रशासन ने इससे यह संदेश भी दे दिया है कि वे इस आंदोलन से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उधर, गुर्जर समाज भी सवाईभोज की कसम के साथ गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं।
चिकित्सा के लिए चार दल : गिरफ्तार लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चार दल बनाए हैं। इसमें पुरुष डाक्टरों के अतिरिक्त महिला बंदियों के लिए महिला डाक्टर भी लगाए गए हैं।
ठेके से बनेगा खाना : प्रशासन ने लगभग पचास हजार लोगों की संख्या को ध्यान में रखकर उनके ठहरने के साथ ही खाने व पीने की भी व्यवस्था की है। खाने की जिम्मेदारी ठेका देकर पूरी करवाई जाएगी। जिस प्रकार जेल में भोजन व अन्य सुविधाएं दी जाती है, उसी प्रकार की सुविधाएं गिरफ्तारी देने वालों के लिए की जा रही है।
अन्य जिलों में भेजा जाएगा
कोटा में गिरफ्तारी देने वालों को बूंदी, बारां व झालावाड़ सहित अन्य कस्बों की जेलों में भी भेजा जाएगा। इसके लिए इन स्थानों पर भी अस्थाई जेलों व वहां रहने वाले गिरफ्तार लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। संभाग के प्रमुख अधिकारी स्वयं इस व्यवस्था को देख रह हैं।
नहीं किया आवेदन
गुर्जर समाज की ओर से जेल भरो आंदोलन व गिरफ्तारी देने के लिए प्रशासन को कोई आवेदन नहीं किया है। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि इस प्रकार का कोई आवेदन नहीं आया, फिर भी प्रशासन अपनी ओर से गिरफ्तारी की पूरी तैयारियां कर रहा है।
प्रशिक्षण दिया जाएगा
गिरफ्तारी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों व पुलिस जवानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि किस प्रकार गिरफ्तारी देने वाले के हस्ताक्षर करवाने हैं, फोटो लेनी है, तलाशी लेकर वाहन से कहां भिजवाना है।
सवाईभोज की कसम के साथ तैयारियां
2 अक्टूबर को होने वाली सामूहिक गिरफ्तारियों के लिए गुर्जर समाज में तैयारियां जारी है। समाज के लोगों से संकल्प पत्र भरवाए जा रहे हैं। उन्हें सवाईभोज की आन दी जा रही है। उनसे कहा जा रहा है यह समाज की प्रतिष्ठा की लड़ाई है। यदि इस बार हार गए तो कभी सिर ऊंचा करके नहीं चल सकेंगे।
विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि सरकार कितने ही प्रयास करले समाज का व्यक्ति गिरफ्तारी से डरने वाला नहीं है। 2 अक्टूबर से आशा से अधिक समाज के लोग गिरफ्तारी देने पहुंचेंगे। उधर, कोर कमेटी के सदस्य सुरेश गुर्जर ने कहा कि समाज गांधीवादी तरीके से गिरफ्तारी देगा।
कल की 13 गिरफ्तारियां काफी : आईजी
कोटा. गुर्जर आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों में हाडोती में शुरू हुआ गिरफ्तारियों का सिलसिला शुक्रवार को थम गया। कोटा पुलिस रेंज के आईजी कपिल गर्ग ने बताया कि गुरुवार को 13 गुर्जरों की गिरफ्तारी की गई थी, लेकिन शुक्रवार को इसकी जरूरत नहीं समझी गई। गुरुवार को कोटा ग्रामीण, रामगंजमंडी, सुकेत और चेचट थाना इलाकों में 13 जनों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि जेल भरो आंदोलन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन गिरफ्तारियों पर गुरुवार को गुर्जर नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और इसे सरकार का गुर्जरों को भड़काने वाला कदम बताया था।
गुर्जर नेता प्रहलाद गुंजल ने कहा था कि गुर्जर शांतिपूर्वक गिरफ्तारियां देना चाहते हैं, लेकिन सरकार ऐसा करके पहले ही कानून व्यवस्था बिगाड़ना चाहती है।