देहरादून. पांच दलों में पर्वतारोहण के लिए निकले भारत और विदेशों के करीब सौ ट्रैकर, पोर्टरों और गाइडों की तलाशी का व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। ये लोग पर्वतीय इलाकों में भारी हिमपात के चलते विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए बताए जा रहे हैं। ट्रैकर्स के चार दल गढ़वाल हिमालय के हारसिल-माना रूट पर फंसे हुए हैं, जबकि अन्य एक दल कुमाऊ के उरथिंग में फंसा है। इन दलों में चार पर्वतारोही रूस के, सात जर्मनी के और एक आस्ट्रेलिया का है, जबकि शेष भारतीय हैं।
रक्षा मंत्रालय से मांगे हेलिकॉप्टर : राज्य के गढ़वाल और कुमाऊ हिमालय क्षेत्र में हिमपात जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश का दौर थमा नहीं है। खराब मौसम के कारण उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में राहत कार्ये में रुकावट को देखते हुए राज्य सरकार ने फंसे हुए पर्वतारोहियों की खोज के लिए रक्षा मंत्रालय से हेलिकॉप्टर देने का अनुरोध किया है।