कोलकाता.
इडियन आइडल बने प्रशांत तमांग पर दिल्ली स्थित एक रेडियो जॉकी द्वारा की गई टिप्पणी पर उत्तरी बंगाल के दार्जलिंग और सिलिगुड़ी में जमकर बवाल हुआ।
तमांग के समर्थन में लोग सड़कों पर उतर आए। गुस्साई भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को डंडे चालाने के साथ ही हवा में गोलियां भी दागनी पड़ी। कुल तीस लोगों के घायल होने की खबर है। दो लोग पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं।
एहतियात के तौर पर सिलिगुड़ी में कर्फ़्यू लगा दिया गया है। तमांग के समर्थकों ने आज दार्जलिंग बंद का आह्वान किया है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्या ने रेडियो चैनल के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
प्रशांत तमांग पर की गई टिप्पणी से नाराज उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन करने के लिए जिले के अधिकारियों के पास जा रहे थे। इसी दौरान कुछ प्रदर्शकारी हिंसक हो गए और उन्होंने कई दुकानों और गाड़ियों में आग लगा दी।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस बीच इलाके में सेना को भी बुला लिया गया है। आज दार्जलिंग बंद के मद्देनजर सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि सोनी चैनल ने पिछले दिनों प्रशांत को तीसरा इंडियन आइडल घोषित किया था। प्रशांत तमांग पश् िचम बंगाल पुलिस में कार्यरत हैं और वे दार्जलिंग के रहने वाले हैं।