दार्जलिंग.
इडियन आइडल बने प्रशांत तमांग पर दिल्ली स्थित एक रेडियो जॉकी द्वारा की गई टिप्पणी के बाद हुई हिंसा की घटनाओं के बाद सिलिगुड़ी में देर रात लगा कर्फ्यू आज भी जारी है। फिलहाल कहीं से किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।
इंडियल आइडल प्रशांत तमांग के समर्थकों द्वारा आज दार्जलिंग बंद का आह्वान किया गया है। बंद का जनजीवन पर असर पड़ा है। दार्जलिंग और कुरसोंग में बंद का साफ असर देखने को मिला है। दुकानें बंद हैं और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी नगण्य है।
दार्जलिंग के डीएम राजेश पांडे ने बताया कि अब तक किसी तरह की अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने दार्जलिंग शहर में फ्लैग मार्च किया। उन्होंने लोगों से घरों में रहने की अपील की।
गौरतलब है कि इडियन आइडल बने प्रशांत तमांग पर दिल्ली स्थित एक रेडियो जॉकी द्वारा की गई टिप्पणी के बाद कल देर शाम तमांग के समर्थन में लोग सड़कों पर उतर आए। गुस्साई भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को डंडे चालाने के साथ ही हवा में गोलियां भी दागनी पड़ी। इस झड़प में तीस लोग घायल हो गए। दो लोग पुलिस की गोली लगने से घायल हुए। इन दोनों का आज ऑपरेशन किया गया और गोली निकाली गई।
एहतियात के तौर पर सिलिगुड़ी में देर शाम कर्फ्यू लगा दिया गया था। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्या ने रेडियो चैनल के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि सोनी चैनल ने पिछले दिनों प्रशांत को तीसरा इंडियन आइडल घोषित किया था। प्रशांत तमांग पश्चिम बंगाल पुलिस में कार्यरत हैं और वे दार्जलिंग के रहने वाले हैं।
संबंधित खबरें
* इंडियन आइडल पर टिप्पणी से बवाल, सिलिगुड़ी में कर्फ़्यू