पटना. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के बिहार और झारखंड की ओर बढ़ने से वहां पांच दिन से लगातार बारिश हो रही है। पटना में तो बारिश ने
पिछले 25 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटों में बारिश थमने की उम्मीद नहीं है।
राजधानी पटना सहित पूरे बिहार को बारिश ने तरबतर कर दिया है। हालत यह है कि यहां के पॉश इलाकों में भी खाने-पीने की सामग्री के लाले पड़ गए हैं। पूरा शहर एक बड़े तालाब की शक्ल ले चुका है। स्कूल, कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और कार्यालयों में सन्नाटा है।
राजधानी पटना में ही इस सीजन में अब तक 1531 मिमी. बारिश हो चुकी है, जो पिछले 25 साल में किसी भी मानसून सत्र की बारिश से ज्यादा है। पिछले दो दिनों में यहां 74.8 मिमी बारिश हुई है, जिससे जनजीवन लगभग थम सा गया है। मौसम विभाग ने यह कहकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है कि अगले 48 घंटों में भी बारिश के थमने के आसार नहीं हैं।
पूर्वी रेलवे को कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है तो विमान सेवाओं और सड़क यातायात पर भी बारिश का असर देखा जा सकता है। मुजफ्फरपुर में 78, बाल्मिकीनगर में 63 और मुंगेर में 60 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई है। दरभंगा, पूर्णिया और मोतिहारी में भी बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है।