सिरसाडेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह से शनिवार को पंजाब पुलिस ने पांचवीं बार पूछताछ की। डेरा मुख्यालय स्थित गुफा में पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक सवालों के जवाब पूछे। मगर इस बार भी पंजाब पुलिस डेरामुखी के जवाबों से संतुष्ट नजर नहीं आई।
डेरा प्रमुख से पूछताछ के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए बठिंडा के डीएसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि डेरा प्रमुख ने अधिकतर सवालों के जवाब दिए हैं मगर फिर भी कुछ वांछित सवालों के तसल्लीबख्श जवाब नहीं मिल पाए। पुलिस अभी डेरा से कुछ वांछित वीडियोग्राफी फोटो व अन्य चीजें भी बरामद करना चाहती है लेकिन वे बरामद नहीं हुई हैं।
डेरा मुखी ने किन सवालों के जवाब नहीं दिए? उन्होंने बताया कि इस मामले में तथ्यानुसार पूछताछ करने के लिए यदि और जरूरी हुआ तो पंजाब पुलिस फिर डेरा मुखी से पूछताछ करने आ सकती है।
पंजाब पुलिस की टीम में 21 सदस्य थे। पंजाब पुलिस ने सदर थाना में डीएसपी प्रताप सिंह व सदर थाना प्रभारी मौजी राम से मुलाकात कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। पूछताछ के दौरान डीएसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने डेरा मुखी से कई सवालों के जवाब पूछे। डेरा मुखी से पूछताछ के बाद पुलिस दोपहर करीब पौने एक बजे गुफा से बाहर निकलकर दोबारा सदर थाना पहुंची। इससे पहले चार बार पंजाब पुलिस डेरा मुखी से पूछताछ कर चुकी है।