bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

आरक्षण बचाने के लिए कुर्बानी देंगे

अलवर. मीणा समाज ने जनजाति आरक्षण को बचाने के लिए किसी भी स्तर पर जाकर कुर्बानी देने की बात कही है। इसके लिए समाज ने भावी लड़ाई जातिगत आधार पर लड़ने की बजाए आदिवासी के नाम पर समर्पित करने का निर्णय किया है। जिले के नारायणी धाम में आयोजित जनजाति महासम्मेलन में वक्ताओं ने जनजाति आरक्षण से छेड़छाड़ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करने का एलान किया।

वक्ताओं का कहना था कि गुर्जरों ने आरक्षण पर हमला किया है। मीणा समाज इसका बचाव करेगा। जरूरत पड़ी तो समाज गुर्जर समाज के नक्शेकदम पर सड़क पर खून बहाने से भी नहीं चूकेगा। सरकार की नीति और नीयत साफ नहीं है। पहले मंत्रिमंडलीय समिति और बाद में चोपड़ा समिति का गठन करना इस बात का प्रमाण है कि सरकार भुलावे में लाकर केंद्र को चिट्ठी भेजना चाहती है।

महासम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय जनजाति आरक्षण बचाओ संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के राष्ट्रीय संचालक डॉ. स्वामी रामेश्वरानंद हरि ने कहा कि राज्य सरकार को गुर्जरों की जनजाति वर्ग में शामिल करने की आधारहीन मांग को खारिज करना चाहिए और दो अक्टूबर के प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को गैर कानूनी घोषित कर इस पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है। यदि ऐसा नहीं होता तो वह मामले को कमेटियों के गठन में नहीं उलझाती।

सम्मेलन में बस्सी विधायक कन्हैयालाल मीणा, राजगढ़ विधायक समर्थ लाल मीणा, थानागाजी विधायक कांतीलाल मीणा, बांदीकुई विधायक मुरारी लाल मीणा, डूंगरपुर की जिला प्रमुख रतनो देवी, टोडाभीम विधायक वत्तीलाल मीणा, नैनवा विधायक रामनारायण मीणा, करौली विधायक सुरेश मीणा, पूर्व मंत्री रामस्वरूप मीणा, आंध्रपदेश के पूर्व मंत्री अमरसिंह तिलावत व रामधन मीणा आईएएस आदि ने भी विचार व्यक्त किए। आभार शिवराम मीणा ने जताया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: