जयपुर. आदिवासियों के आरक्षण पर मंडराते खतरे व उनकी अन्य समस्याओं पर चिंतन के लिए अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद का 14वां दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन सोमवार से जयपुर में शुरू होगा। इसका उद्घाटन बिड़ला ऑडिटोरियम में केंद्रीय मंत्री पीआर किंडिया करेंगे। अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमजीभाई डामोर करेंगे।
सम्मेलन में देशभर से डेढ़-दो हजार आदिवासी नेता व प्रतिनिधि भाग लेंगे। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रघुवीर मीणा ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमजी भाई डामोर, अमरसिंह तिलावत, नमोनारायण मीणा, अरविंत नेताम, फगन सिंह कुलस्ते सहित कई नेता देर शाम तक जयपुर पहुंचे। किंडिया सोमवार सुबह 10 बजे दिल्ली से जयपुर पहुंचेंगे। देशभर के जनजाति मंत्री, सांसद, विधायक, प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के जयपुर पहुंचने का दौर सोमवार को भी जारी रहेगा। जयपुर पहुंचने पर आदिवासी प्रतिनिधियों का एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन पर स्वागत भी किया गया। मंगलवार दोपहर बाद सम्मेलन का समापन होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी.ए. संगमा होंगे।
आरक्षण पर रहेगा फोकस : राज्य में आदिवासियों के आरक्षण पर मंडराते खतरे पर सम्मेलन में व्यापक चर्चा होगी। आगे की रणनीति की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। इसके अलावा वन क्षेत्रों से आदिवासियों की बेदखली, पिछले सालों में आदिवासियों के विकास, सरकारी स्तर पर उनके लिए किए गए प्रयास व कमियों पर भी चर्चा होगी।
जीवंत होगी आदिवासी संस्कृति : सोमवार शाम को होटल लक्ष्मी विलास में सांस्कृतिक संध्या में देशभर के आदिवासी कलाकार भाग लेंगे। देश के विभिन्न भागों से कई कलाकार पहुंच चुके हैं।
चंद्रमहल गार्डन में जमावड़ा : ज्यादातर आदिवासी प्रतिनिधियों को आगरा रोड स्थित चंद्रमहल गार्डन में ठहराया गया है। वीआईपी नेता शहर के होटलों में ठहरेंगे।