भोपाल.
राजधानी में इन दिनों प्याज 30 रुपए किलो तक बिक रही है। प्याज के भाव आसमान पर चढ़ने के लिए महाराष्ट्र और कर्नाटक में हो रही बारिश के साथ इंदौर मंडी में हुई हड़ताल को भी जिम्मेदार बताया जा रहा है।
करीब एक पखवाड़े पहले जब प्याज 15 रुपए किलो मिलना शुरू हुई, तो अनुमान लगाया जा रहा था कि भाव और कम होंगे, लेकिन इसके उलट यह महंगा होना शुरू हो गया।
दो दिन पहले न्यू मार्केट में प्याज की कीमत 20 रुपए किलो थी। रविवार के हाट में यह 25 रुपए किलो बिक रहा था। बिट्टन मार्केट और आसपास के क्षेत्र में तो रविवार को प्याज का दाम 30 रुपए था।
इंदौर मंडी से आती है प्याज
दाम बढ़ने की सबसे महत्वपूर्ण वजह इंदौर मंडी की हड़ताल बताई जा रही है। आलू-प्याज के थोक विक्रेता अब्दुल रकीब के अनुसार प्रदेश में अधिकतम प्याज महाराष्ट्र से इंदौर पहुंचती है और वहां से पूरे प्रदेश में वितरित होती है।
पिछले तीन सप्ताह से यहां के मंडी व्यापारी हड़ताल पर थे। इस वजह से महाराष्ट्र से आवक थम गई थी। राजधानी के कुछ व्यापारियों ने सीधे महाराष्ट्र से माल बुलवाना शुरू किया था, वहां बारिश होने से यह आवक भी रुक गई। शनिवार को यह हड़ताल भी समाप्त हो गई, लेकिन भाव अभी कम नहीं हुए।
बाजार के सूत्रों का कहना है कि प्याज के भाव में इस वृद्धि का इंदौर मंडी की हड़ताल और बारिश से कोई संबंध नहीं है। मई-जून में प्याज की फसल आने पर बड़े व्यापारियों ने ढाई रुपए किलो के दाम पर प्याज खरीदी और गोदामों में जमा कर ली। अधिक मुनाफे के लिए वे अलग-अलग बहाने बना रहे हैं।
होटल में कम दे रहे हैं प्याज
दाम बढ़ते ही होटल व्यवसायियों ने सलाद में प्याज की मात्रा कम कर दी है। प्याज की बजाय वे टमाटर व मूली ज्यादा मात्रा में दे रहे हैं। संतोष सिंह ने बताया कि प्याज की मात्रा कम होने से खाने का मजा किरकिरा हो रहा है।
खास तौर से नानवेज के शौकिनों को खाने में स्वाद नहीं आ रहा है। न्यू मार्केट हाट में खरीददारी कर रहे एके गुप्ता ने बताया कि भाव सुन कर उन्होंने प्याज खरीदने का इरादा छोड़ दिया। एक गृहणी सुषमा पांडे ने कहा कि प्याज के भाव दस रुपए किलो होने पर ही वे प्याज खरीदेंगी, तब तक बिना प्याज के काम चलाएंगी।
15 रुपए के 25 किलो टमाटर
जहां महाराष्ट्र में तेज बारिश के कारण प्याज महंगा हो गया, वहीं मप्र में बारिश न होने से टमाटर मिट्टी के दाम बिक रहे हैं। सब्जी व्यापारियों के अनुसार मंडी में 25 किलो टमाटर 15 रुपए में बिक रहा है, लेकिन खरीददार नहीं मिल रहे।
रमजान के कारण महंगा हुआ अनार
थोक फल विक्रेता संजय लधानी के अनुसार इन दिनों अनार 60 रुपए किलो बिक रहा है। अनार महंगा होने की वजह रमजान में मांग बढ़ना बताई जा रही है।