इंदौर. सोमवार से सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर दिनभर मिलेंगे। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी डॉक्टर्स और कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 9 से दोपहर 4 बजे तक मुकर्रर कर दी है। इस दौरान दोपहर 1.30 से 2 बजे तक लंच होगा। अभी तक सुबह 8.30 से दोपहर एक और शाम 5 से 6 बजे तक ड्यूटी निर्धारित थी।
ड्यूटी का समय बदलने का आदेश हाल ही में जारी किया गया। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. महेश पाटनी ने बताया सभी को 1 अक्टूबर से बदले हुए समय के अनुसार काम करने के लिए कहा गया। तय ड्यूटी टाइम के अलावा भी डॉक्टर्स आपातकालीन स्थिति में उपलब्ध रहेंगे।
जिला एवं सिविल अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं के लिए तीन शिफ्ट वाले रोस्टर अस्पताल के मुख्य अधीक्षक बनाएंगे ताकि 24 घंटे सेवाएं मिल सकें। जिला अस्पताल के कैजुअल्टी विभाग में पर्याप्त चिकित्सक रखने की व्यवस्था प्रमुख चिकित्सक करेंगे।
शाम को आते ही नहीं थे डॉक्टर्स
अभी तक की व्यवस्था में शाम को डॉक्टर्स न आने की शिकायत आम थी। कुछ डॉक्टर्स ने कह दिया था अस्पताल परिसर में ही मकान आवंटित कर दें, जिससे लंबी दूरी से दो बार न आना पड़े।
सरकार पहले समीक्षा करे
म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ के सचिव शिवाकांत बाजपेयी ने बताया 1991 में भी सरकार ने सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक समय तय किया था। व्यवस्था बिगड़ी तो फिर समय बदलना पड़ा था। इस बार भी समय रहते समीक्षा करना चाहिए और डॉक्टर्स व कर्मचारियों की राय भी लेना चाहिए।