bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

वोट नहीं डाल पाएंगे 3 हजार वकील

बिलासपुर.vote स्टेट बार कौंसिल के चुनाव के लिए जद्दोजहद कर रहे प्रत्याशियों को अपनी सारी ताकत झोंकने के बाद अब 1 अक्टूबर को मतदाता वकीलों के कोर्ट में केस लगने पर वोट प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।

मतदान दिवस पर हाईकोर्ट समेत प्रदेश के सभी 18 जिलों के 61 सिविल कोर्ट में पूर्ववत कामकाज होंगे, जिससे अपने शहर से दीगर शहरों के कोर्ट में प्रेक्टिस करने वाले वकीलों को मतदान करने का अवसर ही प्राप्त नहीं होगा। ऐसे वकीलों की संख्या लगने वाले न्यूनतम केस के आधार पर 3 हजार से कम नहीं होगी।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के गठन के बाद प्रदेश के अन्य जिलों के वकील यहां आकर प्रेक्टिस करते हैं। इसी प्रकार जिले के वकील तहसीलों तथा दूसरे जिलों में जाकर भी वकालत करते हैं।

इस हिसाब से 1 अक्टूबर को अन्य स्थानों की कोर्ट में उनके केस लगने पर उससे जुड़े वकील मतदान नहीं कर पाएंगे, क्योंकि वकीलों के निवास जिले के हिसाब से मतदान के लिए उन्हें अपने जिले में लौटना होगा। मतदान की अवधि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक है, जो कोर्ट के कामकाज की अवधि है।

जानकारों का कहना है कि प्रदेश में स्टेट बार कौंसिल के चुनाव में भाग लेने के लिए वोटर लिस्ट में 16493 सदस्यों के नाम शामिल हैं। प्रदेश में कोर्ट की संख्या 61 है। इस हिसाब से अन्य जिले व तहसील में केस की पैरवी के लिए जाने वकीलों की संख्या कुल मतदाता के 15 फीसदी या 3 हजार से कम नहीं होगी।

बताया जाता है कि स्टेट बार कौंसिल के पांच साला चुनाव में विगत वर्ष बैलेट मतदान की सुविधा दी गई थी, परंतु इस बार नियम में इसका प्रावधान नहीं है। स्टेट बार कौंसिल के चुनाव नियम में संशोधन की मांग की गई थी।

सर्वाधिक मतदाता व प्रत्याशी बिलासपुर में
स्टेट बार कौंसिल के चुनाव में सर्वाधिक 42 प्रत्याशी बिलासपुर के हैं। अन्य स्थानों में क्रमश: रायपुर 17, दुर्ग 12, बालोद, कवर्धा एवं खैरागढ़ 1-1, राजनांदगांव 3, कांकेर, महासमुंद एवं जगदलपुर 2-2, रायगढ़ 6, जांजगीर, सक्ती तथा कटघोरा 4-4 एवं कोरबा से 12 प्रत्याशी चुनावी जोर आजमाइश में शामिल हैं।

इसी प्रकार सर्वाधिक मतदाता संख्या के हिसाब से बिलासपुर अव्वल नबंर पर है। बिलासपुर में सबसे अधिक 2884, रायपुर में 2488, जांजगीर 820, कोरबा 623,रायगढ़ 705, अंबिकापुर जिले की मतदाता सूची में 902 वकील मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: