बीकानेर. दैनिक भास्कर की ओर से आयोजित एयरटेल वाइस ऑफ राजस्थान थर्ड के आडीशन के लिए रविवार को बीकानेर में रोड शो हुआ। विशेष रूप से
तैयार की गई यह ऑडीशन वैन जहां भी गई, लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने जहां अपनी आवाज के सहारे भाग्य अजमाया वहीं प्रश्नों का जवाब देने पर हाथोंहाथ पुरस्कार भी पाया।
पहले संदीप, फिर समीर और अब बीकानेर के राजा हसन की गायकी का जादू बीकानेर के लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है, इसी का परिणाम था कि ऑडीशन देने वालों की भारी संख्या रही। ऑडीशन के लिए एयरटेल मोबाइल से 564656 डायल कर गाना रिकार्ड करवाया जा सकता है।
लोगों की भीड़ के सामने जब कोई प्रतिभागी इस वाहन के मंच पर अपना गीत गाता तो वहां भीड़ की उत्साह बढ़ाती है। इस रोड में 16 से लेकर 50 साल तक के आयुवग के लोगों ने भाग लिया। हालांकि वायस ऑफ राजस्थान के सीनियर वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है लेकिन इससे अधिक आयु वाले भी अपने उत्साह को रोक नहीं पाए। ऐसे में भास्कर ने भी पुरस्कार देकर ऐसे लोगों के जोश का सम्मान किया।
इस रोड शो की शुरुआत जूनागढ़ के सामने से हुई। इसके बाद पब्लिक पार्क, अम्बेडकर सर्किल, रानीबाजार सर्किल, गोगागेट, बीकानेर रेलवे स्टेशन के सामने,स्टेशन रोड,कोटगेट, सादरूलसिंह सर्किल,शादूलगंज, जयनारायण व्यास कॉलोनी सहित शहरों की कई कालोनियों और मोहल्ले से यह विशेष वाहन गुजरा।
इस विशेष वाहन में म्यूजिक सिस्टम भी लगा हुआ था। तेज गति से बजते म्यूजिक को सुनकर राह चलते लोग इस वाहन की ओर बढ़ जाते। एंकर तरुण जैन पहले वाइस ऑफ राजस्थान थर्ड के बारे में बताते और फिर शुरू होता सवाल-जवाब का दौर। सवाल भी इतने आसान कि जवाब देने वालों की भीड़ लग जाती। ऐसे में ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर लोगों को मंच पर बुलाया जाता। सवाल पूछा जाता और सही जवाब देते ही हाथोंहाथ पुरस्कार। इसके बाद प्रतिभागी को अपनी आवाज परखने का मौका भी दिया जाता।
अधिकतर भावी गायकों ने पुराने फिल्मी गीतों को ही तवज्जो दी। कुछ ने तो महिला और पुरुष दोनों ही आवाजों में गाना सुनाया। इन प्रस्तुतियों को देख रहे लोगों ने भी इसका भरपूर लुत्फ उठाया। इस रोड शो की टीम में एंकर जैन के अलावा नीरज कुमावत, हेमराज कुमावत और किशोरसिंह तंवर शामिल है।