bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

स्कूलें बनेंगी जेल

बीकानेर. प्रदेश में गुर्जर आंदोलन को देखते हुए बीकानेर प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। आंदोलन तेज होने की स्थिति में जिले में अस्थायी जेलें बनाई जाएंगी। गिरफ्तारियों को देखते हुए जिले से भी पुलिस बल झुंझुनूं भेजा गया है। एसटी में आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जरों ने दो अक्टूबर को जेल भरो आंदोलन की घोषणा कर रखी है। इसे देखते हुए जिले में भी सतर्कता बरती जा रही है। जिला कलेक्टर आलोक गुप्ता ने जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की है।

हालांकि बीकानेर में किसी भी प्रकार का कोई कॉल नहीं किया गया है लेकिन झुंझुनूं में गुर्जर गिरफ्तारी देंगे। वहां गुर्जरों की संख्या अधिक होने पर उन्हें बीकानेर जेल में शिफ्ट किया जाएगा। इस संबंध में केन्द्रीय जेल के अधीक्षक व नोखा जेल प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जेल भरो आंदोलन के मद्देनजर जिला कलेक्टर ने ओपन जेल के लिए राजकीय महारानी उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे हैं। कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में यहां की सेंट्रल जेल और नोखा जेल में कैदी रह रहे हैं लेकिन एक हजार लोगों को और रखा जा सकता है। इससे अधिक आंदोलनकारियों के पहुंचने पर अलग से स्थान की जरूरत पड़ेगी।

जिले में शांति
गुर्जर आंदोलन को लेकर बीकानेर में शांतिपूर्ण माहौल है। यहां के गुर्जरों ने अब तक किसी भी प्रकार की चेतावनी प्रशासन को नहीं दी है। अतिरिक्त कलेक्टर नगर हनुमानसिंह शेखावत ने बताया कि सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्र में नजर रखने को कह दिया गया है।

पुलिस बल भेजा
झुंझुनूं में जेलभरो आंदोलन को देखते हुए बीकानेर से भी पुलिस बल भेजा गया है। एसपी अशोक राठौड़ ने बताया कि अधिकारियों सहित 137 का जाब्ता झुंझुनूं भेजा गया है। जाब्ते में खाजूवाला डीवाईएसपी केवलाराम व लूणकरणसर डीवाईएसपी गोपालसिंह के अलावा तीन निरीक्षक भी शामिल हैं। एसपी ने बताया बीकानेर में गुर्जर आंदोलन का कोई प्रभाव नहीं है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: