सोनीपतपार्षद पुत्र को नंगा करके पीटने के विरोध में धानकान बस्ती के लोगों ने बस अड्डे के सामने तीन घंटे यातायात जाम रखा व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शनिवार को ओल्ड सिटी पुलिस चौकी में बच्चों के झगड़े पर हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे पार्षद पुत्र को पुलिस ने धानकान बस्ती के लोगों के सामने ही नंगा करके पीट दिया था।
बताते हैं पुलिस कर्मी इस बात से नाराज थे कि बस्ती के छोटे-मोटे झगड़ों में क्षेत्र की दलित महिला पार्षद व उसका बेटा समझौते करा देते हैं और पुलिस को समझौता राशि भी नहीं लेने देते। प्रदर्शन कर रहे लोगों में नगर परिषद के उपप्रधान जयपाल कादियान, पार्षद महेंद्र कौर, मेहर सिंह, धर्म सिंह मेहरा, राकेश आदि ने आरोप लगाया कि दो बच्चों के झगड़े के कारण बच्चों के परिजन जग्गन तथा कृष्ण में विवाद हो गया था। दोनों ओल्ड सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत लेकर पहुंच गए।
जिसकी खबर मिलते ही मोहल्ले के लोग पार्षद के बेटे सुरेंद्र नैयर को लेकर चौकी में पहुंच गए। सुरेंद्र के अनुसार वहां तैनात पुलिस अधिकारियों ने समझौता कराने के बदले समझौता फीस के रूप में 2500 रुपए मांगे। रुपया नहीं देने पर वे समझौता नहीं करने दे रहे थे और दोनों पक्षों को बंद करने की धमकी दे रहे थे। बात बनती न देख चौकी इंचार्ज ने पार्षद पुत्र को नंगा कर खूब पीटा और चौकी में शराब पीकर आने का आरोप लगाकर हिरासत में ले लिया।
देर रात नगर परिषद के उपप्रधान जयपाल कादियान के बीच में आ जाने और दलित बस्ती के लोगों को हंगामा करते देख पुलिस ने सुरेंद्र को छोड़ दिया।
सुबह बस्ती के लोगों को ज्योंही घटना की जानकारी मिली वे गुस्से में सड़कों पर उतर आए। सिटी एसएचओ ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। तब डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया। डीएसपी ने दोषी पुलिस अधिकारी व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोग चौकी के सभी सदस्यों के खिलाफ दलित जनप्रतिनिधि से बदसलूकी करने व जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने पर एससीएसटी एक्ट में मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े थे।