नयी दिल्ली. नए थल सेना अध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने कहा कि सेना की छवि सुधारना उनके लिए एक बडी चुनौती है। उन्होंने सेना को भ्रष्टाचार, आत्महत्या और अनुशासनहीनता की घटनाओं से निजात दिलाने का संकल्प व्यक्त किया है।
सेना प्रमुख का पदभार सम्भालने के बाद जनरल कपूर ने यहां पश्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें दुनिया की दूसरी सबसे बडी सेना की बागडोर सम्भालते हुए गर्व महसूस हो रहा है और वह सेना को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
सेना में आत्महत्या, आपसी गोलीबारी और भ्रष्टाचार के मामले पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जनरल कपूर ने कहा कि भ्रष्टाचार एक बडी चुनौती है और वे सेना की छवि सुधारने को प्राथमिकता देंगे। सेना प्रमुख ने कहा कि सेना का आधुनिकीकरण, बेहतर कार्य संस्कृति और सैन्य परम्पराओं को प्रतिष्ठापित करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
मध्यम वर्गीय छात्रों के लिए स्थापित सैनिक स्कूल से पढाई कर सेना के सर्वोच्च पद पर पहुंचे जनरल कपूर को अनुशासन प्रिय और भ्रष्टाचार का सख्त विरोधी अधिकारी होने की छवि हासिल है।