चेन्नई.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ने कल देर रात एक सभा में हिंदी कविता पढ़कर लोगों को आश्चर्य में डाल दिया । सेतुसमुद्रम परयोजना का शीघ्र पूरा करने की मांग और राम को अप्रमाणिक बताने वाले करुणानिधि हिंदी विरोधी नेताओं में गिने जाते हैं।
आमसभा में उन्होंने लोगों से एक साथ मिलकर हिंदी में गाने को कहा। इसके बोल कुछ इस प्रकार थे। हिंदुस्तान है देश हमारा, जनसे अपने हमको प्यारा। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई आपस में हैं भाई-भाई। भाई होगा भाई हमारा ऐसा होगा चलन हमारा।
इसके साथ ही करुणनिधि ने लोगों से अपील की कि वे सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियां सेतुसमुद्रम परियोजना को पूरा होने से रोक रही हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सेतुसमुद्रम का विरोध कर रहे हैं इन्हीं लोगों ने महात्मा गांधी की भी हत्या की थी।
गौरतलब है कि द्रमुक पार्टी तमिलनाडु में हिंदी विरोधी आंदोलन के बाद 1967 में सत्ता में आई थी। पहली बार करुणनिधि ने किसी सार्वजनिक सभा में हिंदी में बोला है।