HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नई राजधानी को सौगात

रायपुर. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पंचकुला और मोहाली के साथ छत्तीसगढ़ की नई राजधानी (न्यू रायपुर) को भी जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन में शामिल करने का फैसला किया है। इससे राजधानी निर्माण को गति मिलने की संभावना है।

गौरतलब है, केंद्र की योजना में रायपुर पहले ही शामिल था। नगर निगम को 700 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। इस राशि से शहर को झुग्गीमुक्त करने की दिशा में खर्च किया जा रहा है। अब नई राजधानी का इलाका भी शामिल हो गया।

न्यू रायपुर विकास प्राधिकरण ने केंद्र से इसकी मांग की थी और मंजूरी के बाद अब विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके लिए 41 गांवों में पानी सप्लाई, सिवरेज और गरीबों के आवास के लिए 800 करोड़ रुपए मांगे जाएंगे।

बताया गया है कि नया रायपुर शहरीकृत विस्तार का हिस्सा होगा। रायपुर शहर के साथ ही नया रायपुर का भी विकास अब संभव हो सकेगा। विकास के लिए मिशन आर्थिक सहयोग करेगा। केंद्र द्वारा 2005 में शुरू किए गए जेएनएनयूआरएम का लक्ष्य चुनींदा शहरों का विकास करना है। नया रायपुर विकास प्राधिकरण ने कुछ माह पहले केंद्र को अपना प्रस्ताव भेजा था।

प्राधिकरण के सीईओ एसएस बजाज ने भास्कर को बताया कि नया रायपुर के 41 गांवों में वाटर सप्लाई, सिवरेज व गरीबों के लिए मकान बनवाने की योजना है। मिशन में शामिल कर लिए जाने से विकास कार्य तेजी से हो सकेगा। केंद्र से नया रायपुर के विकास के लिए आर्थिक मदद मिलने का रास्ता भी खुल गया है। डीपीआर सप्ताह भर में तैयार कर लिए जाने का दावा किया गया है।

तीन गांवों में काम :
नई राजधानी क्षेत्र में 41 गांव हैं, लेकिन फिलहाल राखी, कुहेरा और कोटराभाटा पर फोकस किया जा रहा है। जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है। यहां कैपिटल कांप्लेक्स बनेगा। यहां मंत्रालय, सचिवालय का निर्माण होगा। आईटी, एसईजेड भी इसी इलाके में बनना है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: