HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

नगर निगम ने बैंकों को थमाए नोटिस

भोपाल. वृद्धावस्था पेंशन की राशि नहीं देने पर नगर निगम ने कुछ बैंकों को नोटिस जारी किए हैं। विभिन्न बैंकों की 19 शाखाएं हितग्राहियों को पेंशन नहीं दे रही हैं। नोटिस में इन शाखाओं के साथ कारोबार बंद करने की चेतावनी दी गई है।

नगर निगम सामाजिक सुरक्षा पेंशन बांटता है। इसके करीब 28 हजार हितग्राही हैं। इनमें से लगभग साढ़े 10 हजार वृद्धावस्था पेंशन के हितग्राही हैं। इन्हें पहले डेढ़ सौ रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती थी, जिसे केंद्र सरकार ने अप्रैल 06 से सवा सौ रुपए बढ़ा कर पौने तीन सौ रुपए प्रतिमाह कर दिया है। पेंशन 25 अलग-अलग बैंकों की 110 शाखाओं से बांटी जाती है। नगर निगम ने इनमें पेंशन की बढ़ी राशि का डेढ़ करोड़ रुपए जुलाई 07 में जमा कर दिया है।

इसके बावजूद 19 शाखाएं हितग्राहियों को पेंशन व एरियर नहीं दे रही हैं। पेंशनधारियों को अप्रैल 06 से ही इस राशि का भुगतान किया जाना है। इससे करीब 3 हजार हितग्राही प्रभावित हो रहे हैं। बैंकों के इस रवैए से निगम प्रशासन खासा नाराज है।

निगम आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने इसके लिए इन शाखाओं को नोटिस देने के निर्देश दिए थे। यह नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि यदि बैंकों ने पेंशन देना शुरू नहीं किया तो उनके साथ नगर निगम कारोबार बंद कर देगा।

यहां उल्लेखनीय है कि इस समय नगर निगम अरबों रुपए की योजनाओं पर काम कर रहा है। इसके लिए उसे भारी लेन-देन करना पड़ रहा है। निगम यदि इन शाखाओं से कारोबार बंद कर देता है, तो बैंकों की इन शाखाओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी कारण निगम प्रशासन ने ऐसा नोटिस जारी किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: