धवली (बड़वानी). बड़वानी जिले में जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद पंचायत आलीराजपुर में पदस्थ सीईओ के.के. उके को बड़वानी में खेत-तालाब योजना में की गई गड़बड़ियों के लिए सस्पेंड कर दिया। जांच कमिश्नर को सौंपी। उके को 2006 में पलसूद दौरे में भी तालाब फूटने के मामले में सस्पेंड किया था तो वह कोर्ट से स्टे ले आया।
मुख्यमंत्री ने बड़वानी के तत्कालीन और वर्तमान डीपीसी, सेंधवा जनपद के सीईओ, लिपिक सहित गड़बड़ी करने व जनदर्शन में गलत जानकारी देने वाले कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी कर कलेक्टर को तय समय सीमा में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। धवली वन ग्राम में रविवार रात 1 बजे श्री चौहान ने अफसरों की क्लास ली।
जिले में २00३-0४ से अधूरे पड़े 43 शाला भवनों के निर्माण पर उन्होंने तत्कालीन व मौजूदा डीपीसी सैयद अतीक अली की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। सेंधवा जनपद सीईओ नरेंद्रसिंह रघुवंशी व लिपिक विलास दुधे के खिलाफ कलेक्टर से तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी।
जिले में अवैध शराब कारखानों पर इंदौर के अमले द्वारा मारे जा रहे छापे व पकड़ी जा रही शराब के मामले में कलेक्टर से कहा इसमें शामिल बड़े हाथों का पता लगाएं और कार्रवाई करें।
नहीं बचेंगे फर्जी रजिस्ट्री वाले
श्री चैहान ने कहा सरदार सरोवर बांध के विशेष पुनर्वास पैकेज को फर्जी रजिस्ट्रियों से हासिल करने वालों में जो भी शामिल होगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार ने इसकी जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की है।
पार्टी चुनाव के लिए तैयार
मुख्यमंत्री ने मध्यावधि चुनाव की दशा में पार्टी को चुनाव के लिए तैयार बताया है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा भाजपा ने चुनाव के लिए कभी एजेंडा तैयार नहीं किया।