HomeNewsMetrosIndore Indore

देवास में खुलेगा पप्पू का पिटारा

देवास. pappu स्कूली बच्चों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पंचायत देवास ने अनूठा कार्यक्रम तैयार किया है। इसे नाम दिया है ‘पप्पू का पिटारा’। यह पिटारा खोलकर बच्चे खेल-खेल में साफ-सफाई का महत्व समझेंगे।

समग्र स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शालेय स्वच्छता व स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत इस नवाचार को रोचक बनाने के लिए सालभर से कवायद की जा रही थी। जिले के स्कूलों व आंगनवाड़ियों में इसे संचालित किया जाएगा। पप्पू के इस पिटारे में बच्चों को गतिविधियों पर आधारित स्वच्छता की जानकारी रोचक तरीके से दी जाएगी।

पिटारे में अलग-अलग प्रकार की 11 गतिविधियों के किट रखे जाएंगे। स्वच्छता चक्र, सेनिटेशन हीरो, सेनिटेशन लूडो, हमारे हाथ कितने साफ हैं, जोड़ो और जानो, शक्तिमान, अंतर पहचानो, पानी की कहानी, चुनाव बस्ता, पेटू, हमारे स्वच्छता साथी, एक फिल्म नन्हा भूत तथा दो किताबें स्वच्छ रहो मस्त रहो व स्वच्छता पोथी शामिल हैं।

पिटारे में बच्चों के साथ ही शिक्षकों व पालक-शिक्षक संघ के लिए भी गतिविधियां शामिल की गई हैं। स्वच्छता चक्र घुमाते ही जहां साफ-सफाई के घटक समझे जा सकेंगे वहीं सेनिटेशन हीरो में व्यक्तिगत स्वच्छता का संदेश मिलेगा। जिले की 497 ग्राम पंचायतों में से निर्मल ग्राम पुरस्कार के लिए प्रस्तावित 150 पंचायतों के अंतर्गत आने वाले स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में बतौर प्रयोग पप्पू का पिटारा दिया जाएगा।

इसके पहले शिक्षकों को बकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा। समग्र स्वच्छता अभियान के जिला समन्वयक ललित पानेरी ने बताया चयनित ग्राम पंचायतों में इसे शुरू करने के लिए योजना तैयार कर कलेक्टर के पास अनुमोदन के लिए भेजी गई है। इसकी स्वीकृति मिलते ही लागू कर दिया जाएगा।

संस्था विभावरी के सुनील चतुर्वेदी ने बताया भोपाल व होशंगाबाद संभाग के करीब 500 स्कूलों में पप्पू का पिटारा दिया गया है, जिसे काफी सराहा जा रहा है। जल्द ही देवास जिले में भी इसकी शुरुआत होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: