News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. स्टेट बार कौंसिल के 25 सदस्यों के चुनाव के लिए सोमवार को जिला कोर्ट स्थित 4 मतदान केंद्रों सहित प्रदेश के 47 मतदान केंद्रों से करीब 75 फीसदी मतदान होने की सूचना मिली है। इसके साथ ही 125 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।
न्यायधानी में 70 फीसदी मतदान होने के बाद मतपेटियां जिला कोर्ट के स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं, इन्हें मंगलवार को प्रदेश के अन्य जिलों से आने वाली मतपेटियों के साथ कौंसिल के टाउनहाल के पास स्थित दफ्तर में जमा रखा जाएगा।
जिला न्यायालय परिसर में मतदान के दौरान बार कौंसिल के चुनाव का माहौल पूरी तरह से हावी रहा। परिसर में आम दिनों की तरह परेशान हाल मुव्वकिल नजर नहीं आए। उनकी जगह साथी वकीलों से वोटिंग के लिए मनुहार करने वाले प्रत्याशियों की भीड़ नजर आई।
बुद्धिजीवी वर्ग से ताल्लुकात रखने वाले बार कौंसिल का चुनाव होने के कारण भारी कश्मकश एवं गहमागहमी होने के बावजूद शालीन माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव हुआ। कहीं फर्जी वोटिंग या गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिली।
कौंसिल के निर्वाचन अधिकारी वीए नारायणन व जिला निर्वाचन अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार मतपत्रों की गिनती 10 अक्टूबर से बार कौंसिल के कार्यालय में शुरू होगी, जो करीब डेढ़ महीने में पूरी होगी। विशेष न्यायाधीश एवं जिले के मुख्य निर्वाचन अधिकारी महेंद्र राठौर ने बताया कि न्यायधानी के कुल 2885 मतदाताओं में से 1997 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
कोटा के अंतर्गत शतप्रतिशत मतदान हुआ, जहां 42 मतदाताओं ने मतदान किया। श्री राठौर ने बताया कि चुनाव के दौरान न्यायालयीन कामकाज पूर्ववत चले, परंतु वकीलों का रुझान वोटिंग पर अधिक देखा गया।
बुजुर्ग वकीलों में वोटिंग के लिए दिखा जोश
विशेष न्यायाधीश के कक्ष के समीप बने मतदान केंद्र क्रमांक 1, वरिष्ठ वकीलों के लिए बनाया गया था। इसमें सुबह से ही वरिष्ठ वकीलों की पंक्ति लगी देखी गई। मतदान करने के प्रति उनकी ललक की ही वजह थी, जो 400 में से 347 मतदाताओं ने रिकार्ड मतदान किया। अन्य मतदान केद्रों में क्रमश: 642, 634 एवं 337 वोट पड़े।
जांजगीर में शाम 5 बजे के बाद भी मतदान
जांजगीर से मिली सूचना के मुताबिक मतदाताओं की अधिक भीड़ होने के कारण वहां शाम 5 बजे के बाद भी मतदान हुआ। मतदान का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था। शाम को एकाएक मतदान केंद्र में भीड़ हो जाने के कारण शाम 5 बजे के करीब 70 वकीलों को टोकन देकर मतदान का अवसर दिया गया।