बीकानेर. हरियाणा रोडवेज की बसों को बीकानेर बस डिपो तक चलाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रसिंह हुड्डा ने बीकानेर के सांसद धर्मेन्द्र को इस बारे में पत्र भी लिखा है और सांसद ने भी हिसार और हरिद्वार के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों को बीकानेर तक चलाने की आवश्यकता जताई थी। इस बारे में उन्होंने हुड्डा को आठ सितंबर को एक पत्र भी लिखा।
इसके जवाब में हुड्डा ने धर्मेन्द्र को बताया कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के आदेश दे दिए है। बीकानेर से हरिद्वार के बीच आज भी सीधी बस सेवा नहीं है। हरिद्वार से जो बस चल रही है, वह फलौदी डिपो की है। इस कारण जब यह बस फलौदी से रवाना होती है तो फुल रहती है। ऐसे में बीकानेर के यात्रियों को सीटें नहीं मिल पाती।
इस स्थिति की जानकारी मिलने पर सांसद ने हरियाणा रोडवेज की बस को बीकानेर तक चलाने का प्रस्ताव बनाया था। फलौदी से हरिद्वार के बीच चल रही बस पहले बीकानेर डिपो को अलॉट हुई थी लेकिन बाद में इसे फलौदी डिपो को दे दिया। रेडवेज के रिकार्ड में यह बस आज भी बीकानेर डिपो के नाम है।