बीकानेर.
गुर्जरों के दो अक्टूबर को जेलभरो आंदोलन को देखते हुए जिले की एक स्कूल व एक कॉलेज को अस्थायी जेल घोषित कर दिया गया है। मंगलवार को इनका अधिग्रहण किया जाएगा। बीकानेर के गुर्जरों को खेतड़ी (झुंझुनूं) में गिरफ्तारी देने को कहा गया है।
स्थानीय गुर्जर समाज के कुछ लोग अपने नेता सुगनाराम के नेतृžव में अलग-अलग ग्रुपों में मंगलवार सुबह खेतड़ी के लिए रवाना होंगे। सुगनाराम ने संख्या का खुलासा नहीं करते हुए समाज के लोगों की एक बस खेतड़ी ले जाने की बात कही है। जिला प्रशासन व पुलिस उनकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है।
कलेक्टर ने एसीसी एमएम व्यास को राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा उपखंड अधिकारी भवानीसिंह को पॉलीटेक्निक कॉलेज का अधीक्षक बनाया है। दोनों अधिकारियों ने अपनी-अपनी जेल का निरीक्षण किया।
केन्द्रीय कारागृह की क्षमता करीब ढाई हजार कैदियों की है। वर्तमान में वहां एक हजार कैदी हैं। आंदोलनकारियों को अलग बैरक में रखा जाएगा। जेल प्रशासन को इसके लिए आवश्यक प्रबंधन करने को कहा गया है। इसके अलावा नोखा जेल में भी आंदोलनकारियों को रखने की व्यवस्था की गई है। वहां डेढ़ सौ बंदी रखे जा सकेंगे।
इन दोनों जेलों के भरने के बाद आंदोलनकारियों अस्थायी जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। उनकी संख्या बढ़ती है तो उन्हें पुरानी जेल और लेडी एल्गिन स्कूल में शिफ्ट करने की व्यवस्था भी की गई है। बंदियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए दोनों अस्थायी जेलों में चिकित्सक लगाए जाएंगे। इस संबंध में सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर आलोक गुप्ता ने सोमवार को सुबह कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। नई जेलों का अधिग्रहण मंगलवार को किया जाएगा। बंदियों के लिए भोजन व बिस्तरों की व्यवस्था टैंट हाउस से की जाएगी।
गुर्जरों के लिए चार बैरेक :
बीछवाल स्थित केन्द्रीय जेल में आंदोलनकारी गुर्जरों के लिए चार बैरक रखे गए हैं। जेल अधीक्षक डॉ. ए.आर.नियाजी को झुंझुनूं लगा दिया है। यहां का जिम्मा जेलर मंगलचंद राठी को सौंपा गया है। राठी ने बताया कि एक हजार आंदोलनकारियों के लिए व्यवस्था कर ली गई है। उन्हें अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा।
गुर्जर नेता ने भेजा ज्ञापन
गुर्जरों के नेता डॉ. रूपसिंह ने जिला कलेक्टर को जयपुर से एक ज्ञापन फैक्स किया है। ज्ञापन में शांतिपूर्ण और अहिंसात्मक आंदोलन की बात कही गई है। ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि किस-किस स्थान पर कितनी संख्या में गिरफ्तारियां दी जाएंगी। बीकानेर के गुर्जरों को खेतड़ी (झुंझुनूं) पहुंचने के लिए कहा गया है। ज्ञापन में लिखा है कि वहां 50 हजार गुर्जर गिरफ्तारी देंगे। कलेक्टर ने इस ज्ञापन की पुष्टि की है।