bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

50 हजार देंगे गिरफ्तारी

अजमेर. गुर्जर समाज ने जेल भरो आंदोलन में मंगलवार को अजमेर संभाग से पचास हजार गुर्जरों की गिरफ्तारी का लक्ष्य तय किया है। समाज ने प्रशासन से आग्रह किया है कि गिरफ्तारी देने वाले लोगों को स्थानीय जेलों में नहीं रखा जाए।

रैली निकालेंगे, सभा करेंगे :
कायड़ विश्राम स्थली पर एकत्र होकर वहां से रैली के रूप में रवाना होंगे। गुर्जर ने बताया कि आरटीओ ऑफिस और संस्कृति स्कूल के बीच स्थित गिरफ्तारी स्थल पर सांसद अवतार सिंह भड़ाना और पूर्व सांसद रमा पायलट सहित अन्य नेता समाज को संबोधित करेंगे।

इसके बाद जिलेवार गुट बनाकर लोगों से संबंधित कैंप में गिरफ्तारी देने के लिए पहुंचने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बंदी जिस तहसील का निवासी है उसे उसी तहसील की जेल में नहीं रखा जाए।

जिले में बीस हजार का लक्ष्य
आंदोलन में जिले से बीस हजार गुर्जर गिरफ्तारी देंगे। जिला आरक्षण कोर समिति ने लोगों को लाने के लिए तहसील प्रभारियों को जिम्मेदारी दी है। सभी लोग मंगलवार 11 बजे कायड़ रोड पर एकत्र होंगे। यहां पर रैली के बाद गिरफ्तारी दी जाएगी।

गुर्जर नेताओं ने आंदोलन की तैयारियों को सोमवार को अंतिम रूप दिया। आरक्षण कोर कमेटी के जिला प्रभारी हरि सिंह गुर्जर ने बताया कि जेल भरो आंदोलन में ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए एक पखवाड़े में डेढ़ सौ से अधिक गुर्जर बाहुल्य गांवों के साथ हर छोटी-बड़ी ढाणी का दौरा किया गया है।

प्रत्येक तहसील से 5 हजार
अजमेर तक लोगों को लाने के लिए तहसील स्तर पर कमेटियों के प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। समाज ने प्रत्येक तहसील से कम से कम पांच हजार लोगों को गिरफ्तारी के लिए लाने का लक्ष्य दिया है। जिले की कुछ तहसीलों में समाज के लोगों की संख्या कम होने के कारण गिरफ्तारी देने वाले लोगों की संख्या बीस हजार तक रहेगी।

वाहनों की कमी नहीं
गिरफ्तारी के लिए गांव-ढाणी से आने वाले समाज के लोगों के लिए वाहनों की कमी नहीं है। सभी को निजी वाहनों के माध्यम से गिरफ्तारी स्थल पर पहुंचने को कहा गया है। प्रभारी नेताओं को लोगों के लिए गाड़ियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रभारी ने बताया कि समाज के लोगों को मंगलवार तड़के अजमेर प्रस्थान करने को कहा गया है, ताकि समय पर गिरफ्तारी दी जा सके।

इंतजाम करके आएं
समाज के लोगों को कहा गया है कि वे अपने घरों पर खाद्य सामग्री, परिवार के सदस्यों तथा पशुओं के लिए आवश्यक सभी इंतजाम करके आए। आंदोलन केवल एक दिन का नहीं है। जेल में अधिक दिनों तक रहना पड़ सकता है। उनको रैली, रास्ता जाम, हिंसात्मक कार्रवाई या शस्त्र प्रदर्शन जैसी कार्रवाई नहीं करने को भी कहा गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: