अजमेर.
जेल भरो आंदोलन के लिए शासन और गुर्जर समाज दोनों तैयार हैं। गुर्जर समाज का दावा है कि संभाग के 50 हजार गुर्जर सवाई भोज मंदिर के महंत भूदेवदास के नेतृत्व में गिरफ्तारी देंगे। नागौर में हालांकि गुर्जरों की संख्या कम है, लेकिन तीन हजार गुर्जरों के गिरफ्तारी के लिए पहुंचने के समाचार हैं। गुर्जर नेता राजेन्द्र विधूड़ी, सहित संभाग के कई प्रमुख गुर्जर नेता गिरफ्तारी देंगे। शासन भी इस बार पहले की तरह गाफिल नहीं है।
सभी अस्थायी जेलें तैयार हैं। कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कार्यपालक मजिस्ट्रेट, जेल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। गुर्जर बाहुल्य इलाकों में तो फ्लैग मार्च कराया ही गया, अजमेर शहर में भी खास पुलिस का राउंड कराया गया ताकि जनता में भरोसा कायम रहे। स्कूलें खुली रहेंगी, नगरीय बस सेवाएं चालू रहेंगी। सीमा सुरक्षा बल को खास तौर से बुलाया गया है ताकि माहौल बिगड़ने पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
खुले रहेंगे स्कूल
शहर के सरकारी और प्राइवेट स्कूल मंगलवार को खुले रहेंगे। जिला प्रशासन एवं शिक्षा महकमे ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा नहीं की है। जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि शहरी इलाकों की स्कूलों में गुर्जर समाज के आंदोलन का कोई खास प्रभाव नहीं होने की वजह से अवकाश घोषित नहीं किया गया है।
प्राइवेट स्कूलों में भी छुट्टी नहीं
सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्य सिस्टर फ्रांसिस, सेंट स्टीवंज की प्राचार्य भारती तोलंबिया, ऑल सेंट्स की जया कुमारी, एमपीएस स्कूल के सचिव कृष्ण गोपाल नवाल, संत एंसलम्स के प्रिंसीपल फादर लुर्द जोजफ, सेंट्रल अकादमी की निदेशक शोभा सुमन मिश्रा, मयूर स्कूल के प्रिंसीपल नीरज बधौतिया ने बताया कि मंगलवार को स्कूल खुले रहेंगे।
संस्कृति में अवकाश
संस्कृति स्कूल मंगलवार को बंद रहेगा। उप-प्राचार्य विनीता बधौतिया ने बताया कि 2 अक्टूबर का स्कूल में पहले से ही अवकाश घोषित हो चुका था। इस कारण स्कूल बंद रहेगी।
छह विद्यालयों में असमंजस
डीइओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने छह स्कूलों को आपात स्थिति में पुलिस दल ठहराने के लिए चिह्न्ति किया है। यदि जरूरत हुई तो मंगलवार को स्कूलों में पुलिस जाब्ते को ठहराया जाएगा। इन स्कूलों में राजकीय सीनियर सेकंडरी वैशाली नगर, जवाहर, तोपदड़ा, राजकीय बालिका फॉयसागर, पुलिस लाइन तथा गुजराती सीनियर सेकंडरी स्कूल शामिल हैं। सोमवार को स्थिति साफ नहीं होने की वजह से स्कूलों के विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति थी।
>> जिन इलाकों में स्कूल हैं, वहां पर आंदोलन का प्रभाव नहीं रहेगा। स्कूल खुले रहेंगे। शैक्षणिक कार्य यथावत रहेगा। छह सरकारी स्कूल में यदि जरूरी हुआ तो वहां छुट्टी की जा सकती है।
-नवीन महाजन, कलेक्टर
जाट प्रभारी नियुक्त
आंदोलन में प्रशासन व गुर्जरों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए राजस्थान बीज विकास निगम के अध्यक्ष रतनलाल जाट को अजमेर संभाग का प्रभारी नियुक्त किया है। जाट ने सोमवार सुबह कलेक्टर नवीन महाजन और एस.पी. एस. सेंगाथिर के साथ जयपुर रोड स्थित तीनों अस्थायी जेल, रैली और गिरफ्तारी स्थल का जायजा लिया।
उन्होंने पुलिस व प्रशासन के अफसरों को गुर्जर समाज के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने और जेल में बुजुर्ग बंदियों के नियमित मेडिकल चेकअप, भोजन व पानी की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
नुकसान की भरपाई होगी
जाट ने कहा कि अस्थायी जेल के लिए खाली कराए स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई के नुकसान की भरपाई सरकार हर हाल में करेगी। पत्रकारों से जाट ने कहा कि शिक्षण संस्थाओं का अधिग्रहण सरकार की मजबूरी है।
आंदोलन जितने समय तक चलेगा तब तक जेल बने स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। आंदोलन की समाप्ति के बाद अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। जाट ने कहा कि प्रशासन ने अस्थायी जेलों में बेहतर प्रबंध किए हैं।