HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

आरक्षण से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी

जयपुर. जनजाति में आरक्षण पर मंडराते खतरे को लेकर देशभर के आदिवासी सोमवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में एकजुट होकर बोले। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे इसके लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे। असंतुष्ट खेमे से जुड़े खाद्य मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि उन्हें सत्ता का एक मिनट का भी मोह नहीं है, वे कभी भी इसे ठोकर मार देंगे।

उन्होंने कहा कि आदिवासी बोलेगा तो सिंहासन डोलेगा। अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में चार केंद्रीय मंत्रियों व राज्य सरकार के दो मंत्रियों के अलावा कई सांसद, विधायक व अधिकारी मौजूद थे।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमजीभाई डामोर ने कहा कि किसी ने आरक्षण से छेड़छाड़ की तो हम लाठियां लेकर बाहर निकलेंगे और सबको हिला देंगे। हम दस करोड़ हैं और जरूरत पड़ने पर सब एक होकर इसके लिए लड़ेंगे।

केंद्रीय ट्राइबल अफेयर्स मंत्री पीआर किंडिया ने कहा कि आरक्षण का मसला संवैधानिक है। उन्होंने आरक्षण का जिक्र किए बगैर कहा कि आदिवासियों को पूरे देश में एक ही जुबान से बोलना चाहिए, तभी वे विजय हासिल कर सकेंगे। आदिवासियों को एकता के जरिए अपनी ताकत दिखानी होगी।

केंद्रीय पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा ने कहा कि आरक्षण की लड़ाई केवल राजस्थान के 80 लाख आदिवासियों की नहीं, बल्कि देशभर के दस करोड़ आदिवासियों की है।

केंद्रीय कृषि उपभोक्ता मामले के राज्यमंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि जो लोग आदिवासी बनना चाहते हैं, वे पहले यह देखें कि क्या उनका आदिवासियों के साथ रोटी-बेटी का व्यवहार है। आदिवासियों का हक छीनने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना होगा।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री माणिक राव ने कहा कि आदिवासियों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। महिला एवं बाल विकास मंत्री कमल मल कटारा ने कहा कि आदिवासियों को प्रलोभन देकर दोफाड़ किया जा रहा है। इस पर चिंतन की जरूरत है।

31 विधायक खून बहाने को तैयार
डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि राजस्थान के 31 विधायक आदिवासियों के हक के लिए अपना खून बहाने को तैयार हैं। गुर्जर आंदोलन जान-बूझकर चलाया जा रहा है। यह मीणा व गुर्जरों का आपस में लड़ाने का षड्यंत्र है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: