जयपुर. आज गांधी जयंती है और पूरे राज्य में आंदोलन का खौफ। हालांकि गुर्जरों ने दावा किया है कि वे जनजाति दर्जे की मांग के लिए गांधीवादी तरीके से ही गिरफ्तारियां देंगे, लेकिन सरकार ने पुख्ता पुलिस प्रबंध किया है। आज दोपहर 12:20 बजे से शुरू होगी गिरफ्तारियां। इस बीच दिनभर आम आदमी का सड़क पर निकलना दूभर होगा..
देर रात राजसमंद से जयपुर आए बैसला
कर्नल बैसला राजसमंद में गिरफ्तारी देने वाले थे लेकिन अचानक देर रात जयपुर आ पहुंचे। चर्चा थी कि उन्हें वहां बार-बार सरकार की ओर से फोन जा रहा था। बाद में कहा गया कि बैसला को जयपुर नहीं आने दिया जाएगा, अजमेर में ही रोक लिया जाएगा। जब अजमेर से भी आगे बढ़ गए तो कहा गया कि वे बगरू में एक फार्म हाऊस पर भाजपा संगठन या सरकार के प्रतिनिधियों से बात करेंगे।
फिर अचानक हवा चली कि वे सीएम की कोठी पर पहुंच गए हैं। देर रात तक इन सभी बातों की पुष्टि नहीं हो सकी। पुख्ता तौर पर केवल यह कहा गया कि बैसला अब भरतपुर में गिरफ्तारी देंगे। संभवत: बैसला देर रात एक गुर्जर नेता के झोटवाड़ा स्थित निवास पर रुके हुए थे।
पुलिस छावनियां
22जिलों में 100 कंपनियां तैनात, केन्द्र ने राज्य को अर्धसैनिक बलों की 30 कंपनियां दी, रास्ता रोकने व संपत्ति को नुकसान पहुचाने वालों पर सख्ती होगी।
गिरफ्तारियां
05लाख लोगों के गिरफ्तारी देने का गुर्जरों का दावा। सरकार ने 259 अस्थाई जेलें घोषित की हैं। इनमें डेढ़ लाख लोगों को रखने की व्यवस्था की गई है।
..इस बीच आम आदमी
प्रभावित जिलों में आम लोगों के लिए सड़क पर निकलना मुश्किल होगा। जगह-जगह जाम लग सकते हैं। वे भीड़ में फंस भी सकते हैं। रोजमर्रा की चीजें मिलना मुश्किल होगा।