HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

बीवी को आग के हवाले, बेटियां दहशत में

टोहाना बैंक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व चार वर्षीय बेटे को जिंदा जला दिया। इस घटना के बाद उसकी तीन बेटियां बुरी तरह से सहमी हुई हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मृतका के पति कर्मवीर, अनिल, लाडो व दर्शना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से पति फरार है। घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला जब पड़ोसियों ने घर के आंगन में दोनों के शवों को देखा। दोनों शव बुरी तरह से जले और नग्न अवस्था में पड़े हुए थे। पड़ोसी की सूचना पर मृतका निर्मला के पिता रोहतक निवासी श्रीकृष्ण, चाचा ओमप्रकाश और चचेरा भाई विनोद सोमवार दोपहर यहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने जायजा लिया व फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया। लैब प्रभारी डॉ. जोगेंद्र सिंह व फिंगर पिंट्र एक्सपर्ट राजकुमार पूनिया ने घटनास्थल से अनेक साक्ष्य एकत्रित किए और शाम को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतका के चाचा ओमप्रकाश व चचेरे भाई विनोद ने बताया कि निर्मला व कर्मबीर की शादी 14 वर्ष पूर्व हुई थी तथा उन दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था।

उसके ससुराल वाले उसे अक्सर दहेज के लिए भी तंग करते थे। उन्होंने कहा कि कर्मवीर के नाम आठ एकड़ जमीन थी, जिसे उसके रिश्तेदार दोनों के बीच फूट डालकर हड़पना चाहते थे।

उनके इस झगड़े को लेकर कई बार पंचायतें भी हो चुकी थी तथा उन्होंने महिला आयोग में भी गुहार की थी।

सहमी हुई हैं तीनों बेटियां अपनी मां व भाई की मौत के बाद मृतका की तीनों लड़कियां 11 वर्षीय सिमरन, 8 वर्षीय रेखा व 5 वर्षीय सोनिया सहमी हुई हैं। उनमें इतना खौफ है कि सोमवार दोपहर तक वे कमरे में ही दुबकी रही। दोपहर बाद उनके नाना श्रीकृष्ण जब रोहतक से आए तो वे उनसे लिपटकर फूट-फूट कर रो पड़ी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: