न्यूयॉर्क.
यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने भारत अमेरिका के बीच हुए परमाणु करार पर वामदलों को चिंताओं को तरजीह नहीं देते हुए कहा कि कुछ ही दिनों बाद परमाणु करार अपने अंतिम रूप में होगा और वे इसके लिए सभी लोगों का सहयोग चाहेंगी।
अमेरिका में रह रहे करीब दो हजार लोगों की सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि हम यह विश्वास करते हैं हमें सभी बिंदुओं को सुनाना चाहिए जिससे कि लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हो इसके साथ ही हमें एक आपसी सहमति भी बनानी चाहिए।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर सोनिया ने कहा कि किसी भी समुदाय को यह नहीं महसूस करना चाहिए कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। सोनिया गांधी ने कह कि कोई भी धर्म हिंसा को जायज नहीं ठहराता है।
गौरतलब है कि आज गांधी जयंती के अवसर पर सोनिया गांधी संयुक्त राष्ट्र संघ के महासभा को संबोधित करने वाली हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने आज के दिन को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया है।