नई दिल्ली. सरकार द्वारा अगस्त माह के लिए जारी विदेश व्यापार के आंकड़ों में रुपए की तेजी का असर साफ तौर से देखने को मिला। इस दौरान निर्यात 18.9 प्रतिशत बढ़कर 12.69 अरब डालर हो गया है लेकिन रुपए की मद में निर्यात महज 4.31 प्रतिशत बढ़ा है। सरकार ने चालू वित्त वर्ष में निर्यात में करीब 25 प्रतिशत वृद्घि का लक्ष्य तय किया है।
आयात 32.6 प्रतिशत बढ़ा
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक आयात 32.6 प्रतिशत बढ़कर 19.56 अरब डालर हो गया है। भारतीय मुद्रा की मजबूती के चलते रुपए की मद में आयात 16.35 प्रतिशत बढ़ा है। आयात के बढ़ने से अगस्त 2007 में व्यापार घाटा अगस्त 2006 के 4.1 अरब डालर से बढ़कर 6.9 अरब डालर हो गया है। अप्रैल से अगस्त 2007 के दौरान व्यापार घाटा 32.5 अरब डालर रहा है जो बीते वर्ष की समान अवधि में 19.9 अरब डालर था।
सरकार ने बताया है कि अप्रैल से अगस्त 2007 के दौरान संचयी आधार पर निर्यात 59.48 अरब डालर रहा है। बीते वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 50.25 अरब डालर था। बीते वर्ष के मुकाबले डालर की मद में निर्यात 18.36 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि रुपए की मद में यह वृद्घि 5.56 प्रतिशत रही है। चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में रुपए की मद में आयात 17 प्रतिशत और डालर की मद में 31.07 प्रतिशत की वृद्घि देखी गई है।
तेल आयात 19 प्रतिशत बढ़ा
तेल का आयात अगस्त 2007 के दौरान 19.52 प्रतिशत बढ़कर 602.27 करोड़ डालर हो गया है। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 503.89 करोड़ डालर था। इसी तरह अप्रैल-अगस्त 2007 के दौरान 2590.12 करोड़ रुपए मूल्य के कच्चे तेल का आयात किया गया है।