नई दिल्ली. अगर आप बैंकिंग में कैरियर बनाना चाहते हैं तो अंग्रेजी सुधारनी शुरू कर दीजिए। चार सरकारी बैंक कुछ माह में पांच हजार कर्मचारी भर्ती करने वाले हैं। सेवानिवृत्तियों और कामकाज बढ़ने के कारण सरकारी बैंकों को बड़ी संख्या में कर्मचारियों की जरूरत महसूस हो रही है।
कितनी भर्तियां: भारतीय स्टेट बैंक विभिन्न सहयोगी बैंकों के लिए 2700 कर्मचारी भर्ती करेगा। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और आंध्रा बैंक अपने कार्यबल में 2000 नए लोग शरीक करने वाले हैं। जहां आंध्रा बैंक 734 कर्मचारी भर्ती करना चाहता है, वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 400-400 कर्मचारी भर्ती करने वाले हैं।
एसबीआई ज्यादातर भर्तियां 20-26 साल के आयु वर्ग में क्लर्क ग्रेड में करेगा। ये भर्तियां स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद, मैसूर, इंदौर और त्रावणकोर के लिए की जाएंगी।
अंग्रेजी पर जोर: इस साल भी एसबीआई ने अनुबंध के आधार पर 1000 कस्टमर रिलेशनशिप एक्जीक्यूटिव भर्ती किए थे। भर्ती किए जाने वाले लोग छह माह के प्रोबेशन पर रखे जाएंगे। एसबीआई अंग्रेजी में कामकाज कर सकने वाले लोगों की तलाश में है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया करीब 400 क्लर्क कम कैशियर भर्ती करेगा। बैंक की कोशिश है कि लोग 31 मार्च तक काम करने लगें। बैंक की 150 शाखाओं को कर्मचारी उपलब्ध कराने के लिए ये भर्तियां की जाएंगी।
आईटी, लॉ आफिसर: बैंक ऑफ बड़ौदा नई तकनीक अपनाने में लगा है। वह 400 से ज्यादा ऐसे अधिकारियों की भर्तियां करने में लगा है जिनकी सूचना प्रोद्योगिकी, वेल्थ मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्सेस मैनेजमेंट, रिस्क मैनेजमेंट और अन्य मामलों में अच्छी विशेषज्ञता हो। आंध्रा बैंक 365 प्रोबेशनरी अधिकारियों की भर्ती करेगा, जिनमें से 75 आईटी, 10 लॉ आफिसर और 5 एचआर मैनेजर होंगे। यह क्लर्क ग्रेड में करीब 300 भर्ती करेगा।
आंध्रा बैंक अगले तीन साल में करीब 2000 भर्तियां विभिन्न पदों पर करना चाहता है। सभी बैंकों ने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसी साल लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।