भोपाल. मुंबई से आकर भोपाल में देह व्यापार करने वाली पांच बार बालाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस अधिकारी इनकी गिरफ्तारी के संबंध में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को लंबे समय से जानकारी मिल रही थी कि बार बालाएं भोपाल में देह व्यापार कर रही हैं। यह बार बालाएं भोपाल की एक महिला के संपर्क में हैं। मंगलवार की सुबह बाग सेवनिया की चीता मोबाइल पर सिपाही रामप्रकाश पांडे और अरुण मलिक इलाके में घूम रहे थे। उन्होंने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के पास एक बिना नंबर की सूमो से दो युवतियों को उतरते देखा। वहीं पास में युवतियों को ले जाने के लिए एक लाल रंग की मारुति कार खड़ी थी। कार ड्राइवर ने जैसे ही पुलिस को देखा वह गाड़ी लेकर भाग गया। पुलिस दोनों युवतियों को थाने ले आई थी। मुंबई से आती थीं युवतियां: पुलिस ने दोनों युवतियों की निशानदेही पर तीन ओर बार बालाओं को हिरासत में लिया है। बार बालाएं जिस महिला के संपर्क में थीं, पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है। ये युवतियां मुंबई से पंद्रह दिन के लिए आती थीं और करोंद क्षेत्र में रुकती थीं।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने इस धंधे से जुड़े दो युवकों को भी हिरासत मे लिया है। हिरासत में लिए गए दोनों युवक युवतियों को ग्राहकों के पास छोड़ने और लाने का काम करते थे। बंगाल की रहने वाली यह बार बालाएं मुंबई के बार में डांस करती थीं और वहीं देह व्यापार करी थीं। बार बालाओं से जो जानकारी पुलिस को मिल रही है उससे पुलिस के होश उड़े हुए हैं।