कोटा. लाड़पुरा में मंगलवार को सरे बाजार लूना सवार दो युवकों ने एक विदेशी महिला को छेड़ा। महिला ने भाग कर दोनों को पकड़ लिया। उनके बीच मारपीट भी हुई, लेकिन किसी ने भी उस महिला की समय रहते सहायता नहीं की और वह दोनों युवक मौका पाकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पौलेंड निवासी एक महिला भारत भ्रमण पर निकली है। वह 30 सितंबर को कोटा पहुंची। इन दिनों वह नयापुरा स्थित एक होटल में ठहरी हुई है। मंगलवार को रामपुरा में खरीददारी के लिए निकली थी। लाड़पुरा में दो लूना आर जे 20 एस एम 3700 सवार युवक आए। उन्होंने महिला के पीछे से हाथ मारा और रवाना हो गए। यह होता देख विदेशी महिला उनके पीछे भागी। उसने कुछ दूरी पर पीछे बैठे युवक को धक्का मार दिया। इस पर उन्होंने लूना रोक दी और पीछा बैठा युवक नीचे उतर गया। उसने महिला को भला बुरा कहना शुरू कर दिया। यह देख महिला ने तुरंत उसके दो तीन थपड़ जड़ दिए। उस युवक ने भी महिला पर हाथ उठाया। इस दौरान वहां काफी भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन किसी ने युवकों को पकड़ना तो छोड़ बीच-बचाव करना भी उचित नहीं समझा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे देव खंडेलवाल ने नजारा देखा। वह उतर कर जैसे ही वहां पहुंचा तब तक वह दोनों युवक वहां से भाग गए। उनके भागते ही वह महिला रोने लगी। बाद में देव और उसका साथी रविंद्र सिंह उसे लेकर थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
हिम्मत दिखाई
देव खंडेलवाल ने बताया कि वह जब बाइक से रामपुरा से लाड़पुरा की ओर जा रहा था, तभी लाड़पुरा में एक युवक विदेशी महिला के साथ छीना-छपटी कर रहा था। दोंनो में मारपीट भी हुई। जब तक वह मदद के लिए पहुंचता तब तक वह युवक भाग खड़ा हुआ। महिला से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया तो वह तैयार हो गई।
भारतीय बहू है
देव ने बताया कि उस विदेशी महिला ने पंजाब के एक युवक के साथ शादी की है। वह इन दिनों अकेली भारत भ्रमण पर निकली है। वह बुधवार को उदयपुर के लिए रवाना हो जाएगी।