गुड़गांव. वैश्य समाज अगले एक साल में देश के 100 दलित बहुल जिलों में अभियान चलाकर दलित युवाओं को रोजगारमूलक उच्च शिक्षा से जोड़ेगा। इस अभियान के उद्देश्य दलित युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने में मदद करना है। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रामदास अग्रवाल ने उक्त घोषणा गांधी जयंती के मौके पर मंगलवार को स्थानीय गऊशाला मैदान में आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन में की। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज हमेशा से ही समाज के पिछड़े व दलित लोगों के उत्थान के लिए तत्पर रहा है और भविष्य में भी रहेगा। समाज के इस वर्ग को शिक्षित करने से उसकी ज्यादातर परेशानियां स्वत: ही हल हो जाएंगी। वैश्य महासम्मेलन के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में लोगों ने भारी तादाद में हिस्सा लिया।
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और ख्यात संत श्रीश्रीरविशंकर ने कहा कि यह सम्मेलन एक ऐतिहासिक घटना है। ऐसे आयोजनों से देश निश्चित रूप से तरक्की करेगा। उन्होंने वैश्य समाज को देश व समाज को एकजुट बनाए रखने का श्रेय देते हुए कहा कि आजादी के बाद भी देश में एक शोषक वर्ग है और एक शोषित वर्ग। यह वर्ग-भेद मिटना चाहिए। श्रीश्रीरविशंकर ने सम्मेलन में उपस्थित लोगों से गीता का अध्ययन करने का संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि देशभक्ति, समाज सेवा व ईश्वर में तन्मयता से निश्चित रूप से आत्म-कल्याण होगा।
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन रमेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज हमेशा से ही समाज के उत्थान के लिए तत्पर रहा है। वैश्य शिरोमणि महात्मा गांधी ने ही सर्वप्रथम दलित भाइयों को गले लगाया व उनकी बस्तियों में जाकर काम किया। दलित समाज को ऊंचा उठाने के लिए वैश्य समाज को फिर से कमर कसनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां केवल वोट की राजनीति करती हैं। सामाजिक उत्थान से उनका खास लेना-देना नहीं रहता। सामाजिक समरसता व सभी वगोर्ं में सौहार्द इस तरह के आयोजनों से ही हो सकता है। उन्होंने वैश्य समाज से गांवों में भी वर्ग भेद मिटाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद गिरीश संघी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, स्वामी ब्रrानंदजी महाराज, अखिल भारतीय युवा वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन के मुख्य संयोजक उमेश अग्रवाल, हरियाणा प्रदेश वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष जगमोहन मित्तल, महामंत्री कमल गोयल, युवा अध्यक्ष दीपक गोयल, युवा महामंत्री राजेश मित्तल, जिलाध्यक्ष सुभाष सिंगला, जिला महासचिव आरसी गुप्ता, शरद गोयल, जिला महामंत्री राजकुमार गोयल, दलित समाज से राजकुमार चावरिया, सुमेर तंवर, पूर्र्वाचल कल्याण संघ के सदस्य आदि उपस्थित थे।