अमृतसर. खालसा कालेज फार विमन में चल रहे वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन कैडेट्स ने बेहतर भविष्य के विकल्पों के बारे में जाना। यह जानकारी उन्हें इलेवन पंजाब बटालियन एनसीसी अमृतसर के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रमजीत सिंह ने दी। फस्र्ट पंजाब गल्र्स बटालियन की ओर से आयोजित इस कैंप में मंगलवार कर्नल सिंह मुख्य मेहमान थे।
उन्होंने कहा कि कैडेट्स को पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और फिर उसी के मुताबिक चलना चाहिए। किसी भी सफलता तक पहुंचने के लिए कदम-दर-कदम आगे बढ़ना आवश्यक होता है। जो कैडेट्स भविष्य को बेहतर बनाने के सपने संजोए हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करते हैं, उनके लिए रास्ते बनते जाते हैं। कर्नल सिंह ने कैडेट्स को एनसीसी के कार्यकाल की समाप्ति पर उन संस्थानों के बारे में जानकारी दी, जिनमें सर्विस के लिए आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को एडवांटेज देकर नौकरी पर रखने वाले संस्थानों के बारे में भी बताया। कर्नल सिंह ने आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से भी परिचित करवाया।
कैंप में रुटीन ट्रेनिंग प्रोग्राम के साथ-साथ हेल्थ और हाईजीन, कम्यूनिकेशन, एविएशन और मैप रीडिंग के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर कैंप कमांडेंट कर्नल आईपीएस वालिया, थर्ड आफिसर नीलम शर्मा, केयर टेकर कुलविंदर कौर, जीसीआई जसविंदर ठाकुर, सूबेदार बीएस चौहान और एसबी चौधरी आदि उपस्थित थे।