बेंगलुरु.कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है। जनता दल (सेक्यूलर) और भारतीय जनता पार्टी के बीच सत्ता के लिए चल रही खींचतान के बीच उनका यह बयान भाजपा के मंत्रियों के इस्तीफे के बाद आया है। भाजपा ने यह कदम एचडी कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार कर देने के बाद उठाया है।
जनता दल (एस पार्टी के विधायक दल की बैठक के बाद एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि उनकी पार्टी किसी भी समय चुनाव के लिए तैयार है। पत्रकारों से बात करते हुए कुमारस्वामी ने भाजपा मंत्रियों के इस्तीफ़े को हड़बड़ी में उठाया गया क़दम बताया है। उधर,जनता दल (एस) ने कहा है कि वह इसके बारे में अंतिम फैसला पाँच अक्तूबर को दिल्ली में होने वाली राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद लेगी। वहीं भाजपा ने मंत्रियों के इस्तीफ़े कुमारस्वामी को सौपने के बाद कहा है कि वह अपने अगले क़दम के बारे में फैसला चार अक्तूबर को संसदीय समिति की बैठक के बाद करेगी।
गौरतलब है कि जनता दल (एस) और भाजपा के बीच कर्नाटक में साझा सरकार बनाने के लिए समझौता हुआ था जिसके तहत मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को तीन अक्तूबर को इस्तीफ़ा दे देना था और सत्ता भाजपा को सौंपना था। लेकिन कुमारस्वामी अब भाजपा को सत्ता सौंपने से इनकार कर रहे हैं।