नई दिल्ली.एक रेडियो जॉकी द्वारा इंडियन आइडल प्रशांत तमांग पर की गई टिप्पणी पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार ने संबंधित निजी एफएम चैनल पर प्रतिबंध लगा दिया है। इंडियन आइडल प्रशांत तमांग पर टिप्पणी के बाद दार्जलिंग और सिलिगुड़ी में हिंसा की घटनाएं हुई थीं। सिलिगुड़ी में दो दिनों तक कफ्यरू भी लगा रहा था।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेडियो जॉकी द्वारा की गई टिप्पणी से एक खास समुदाय की भावनाएं आहत हुईं और हिंसा भड़क उठी । अधिकारी ने बताया कि रेडियो चैनल पर सात दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। अधिकारी ने बताया कि टेलकॉम डिस्प्यूट सेटेलमेंट एंड एपेलेट ट्रिब्यूनल मामले की सुनवाई कर रहा है।
अधिकारी ने बताया कि सरकार की तरफ से दी गई नोटिस का जो जवाब रेडियो चैनल की तरफ से आया वे पर्याप्त नहीं था और सात दिनों के लिए प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। गौरतलब है कि इंडियन आइडल प्रशांत तमांग के उपर रेडियो जॉकी द्वारा की गई टिप्पणी के बाद दार्जलिंग और सिलिगुड़ी में हिंसा भड़क उठी थी।
हिंसा की घटनाओं के बाद रेडियो जॉकी और चैनल की तरफ माफी भी मांगी गई थी। सरकार का कहना है कि चैनल ने अपने जबाव में यह जिक्र नहीं किया है कि हिंसा की घटनाओं पर काबू पाने में सहयाता प्रदान करने के लिए चैनल की ओर से क्या कदम उठाए गए।