कोच्चि: अपने गृह नगर में मंगलवार को खेले गए सात वन डे इंटरनेशनल की सीरीज के दूसरे मैच में मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अनावश्यक की आक्रमकता दिखाने वाले भारत के तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंथ की मीडिया में जमकर आलोचना हुई है। इसमें कहा गया है कि आक्रमक या फिर जोकर होनें में ज्यादा अंतर नहीं होता। श्रीसंथ की तमाम हरकतें उन्हें जोकर साबित कर रहीं थी।
दूसरे एक दिवसीय मैच में इस प्रतिभाशाली पर मूडी गेंदबाज की बारबार ऑसी बल्लेबाजों से तकरार हुई। उन्होंने साइमंड्स के खिलाफ उस समय रन आउट की अपील की जब गेंद डेड करार दी गई थी।
ब्रेड हैडिन के पेड से टकराकर लौटी गेंद को उठाने श्री उनके बेहद पास गए और फिर उन्हें बिलकुल पास से घूरकर देखा। इससे बिफरे नॉन स्ट्राइकर बल्लेबाज साइमंड्स उनसे बात करने क्रिज छोड़कर गए। इस पर श्री ने उनकी बेल्स गिराकर रन आउट की अपील की। उस समय तक अंपायर सुरेश शास्त्री गेंद को डेड करार चुके थे। इससे अंजान श्रीसंथ बारबार अपील करते रहे। स्थिति को और बिगड़ने से बचाने के लिए खुद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बीच बचाव करने आना पड़ा।
एक प्रमुख अंग्रेजी अखबार ने श्री के व्यवहार को बचकाना करार दिया। अखबार ने साइमंड्स का विकेट लेने के बाद श्रीसंथ के सेलिब्रेशन को भी जरूरत से ज्यादा आक्रमक करार दिया। उन पर पहले भी इस तरह के व्यवहार के कारण जुर्माना हो चुका है। कई बार चेतावनी भी मिली है। लेकिन लगता नहीं इस गेंदबाज ने उससे कोई सबक सीखा है। श्री उस समय एक बेहतर तेज गेंदबाज होते हैं जब वे अपने दिमाग और शरीर को संतुलित रखते हैं। ट्वंटी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही अत्यधिक आक्रमकता दिखाने के लिए उन पर जुर्माना हो चुका है।
मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने भी इसे नोटिस करते हुए कहा कि वे मैदान में कुछ खिलाड़ियों का अति आक्रमक व्यवहार देखकर दंग रह गए। इस मैच में कुछ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट भी देखने को मिला, लेकिन कुछ जिसे वे नहीं चाहेंगे कि उनका बेटा भी दोहराए। उन्होंने कहा कि श्रीसंथ ऑसी टीम की चुनौती को किस तरह से लेंगे। इस बारे में मीडिया में काफी कुछ कह चुके थे। अब कोच्चि में हमने देख भी लिया कि वे क्या करेंगे। हमारे लिहाज से यह ठीक है।
मैन ऑफ द मैच ब्रेड हैडिन ने सीधे-सीधे कहा कि आक्रमकता और मुर्खता के बीच ज्यादा अंतर नहीं होता। वे श्रीसंथ द्वारा साइमंड्स के खिलाफ रन आउट की अपील करने पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। दोनों टीमों के बीच सात वन डे मैचों की सीरीज का तीसरा मैच शुक्रवार को हैदराबाद में खेला जाएगा।